छत्तीसगढ़रायपुर

500 मीटर लंबा तिरंगा और क्रांतिकारियों की वेशभूषा में 15 को निकलेगी तिरंगा यात्रा

रायपुर
सामाजिक संस्था नवसृजन मंच द्वारा देश की आजादी की 75 वी वर्षगांठ अमृत महोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के हिन्द स्पोर्टिंग मैदान से 15 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा निकलेगी। इस विशाल तिरंगा यात्रा में 500 मीटर लंबा तिरंगा आकर्षण का केंद्र होगा साथ ही एक्स आर्मी के जवान हाथो में तिरंगा लिए तिरंगा रैली की अगुआई करेंगे। रैली के आरम्भ में 15 बुलेट गर्ल तिरंगा लिए रैली की पायलेटिंग करेंगी, उसके पीछे भारत माता का विशाल कट आउट होगा। साथ ही विभिन्न क्रांतिकारियों की वेशभूषा में जैसे झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, महात्मा गांधी की वेशभूषा धारण किये हजारों छात्र सम्मिलित होंगे। छत्तीसगढ़ की पहली महिला धुमाल पार्टी की महिलाएं छत्तीसगढ़ी परिधान में ढोल ताशो के साथ रैली की शोभा बढ़ाएंगी। कालेज से एनएसएसस का ग्रुप, एनसीसी के कैडेट्स भी तिरंगा यात्रा में सम्मिलित होंगे। छत्तीसगढ़ बाल कल्याण परिषद के साथ वीरता पुरस्कार वाले बच्चे घोड़े पर सवार रहेंगे।

संस्था नवसृजन मंच के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि तिरंगा यात्रा के आयोजन के पीछे हमारा उद्देश्य आमजनों में देश के प्रति भक्ति की भावना पैदा करना है। हम अपने धार्मिक त्योहार दीपावली, होली, ईद, गुरुनानक जयंती, महावीर जयंती को घर घर का त्योहार मानकर मनाते है लेकिन राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी और 15 अगस्त को सरकारी आयोजन तक ही सीमित रखते है। जिस तरह धार्मिक त्योहारों पर शोभायात्रा निकाली जाती है उसी तरह राष्ट्रीय पर्वो पर भी शोभायात्रा निकले। उल्लेखनीय है की संस्था नवसृजन मंच द्वारा पिछले दो वर्षों से लगातार घर घर तिरंगा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन देशभर में हो रहा यह हर्ष का विषय है। सँस्था नवसृजन मंच के साथ बहुत सी संस्थाओ की भी इस आयोजन में सहभागिता है। तिरंगा यात्रा हिन्द स्पोर्टिंग ग्राउंड से आरम्भ होकर लाखेनगर, पुरानी बस्ती, बूढ़ातालाब के पास से धरना स्थल, श्याम टाकीज, बिजली आफिस होते हुए कोतवाली चौक से छोटापारा, नेताजी सुभाष स्टेडियम पहुचेगी जहां इस तिरंगा यात्रा का समापन होगा।

Related Articles

Back to top button