मध्य प्रदेशराज्य

मुख्यमंत्री चौहान से हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक अध्यक्ष परमपूज्य दाजी कमलेश पटेल ने की भेंट

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से हार्टफुलनेस संस्थान के अध्यक्ष परमपूज्य दाजी कमलेश पटेल जी ने निवास कार्यालय में भेंट की। दाजी, सहज मार्ग परम्परा के चतुर्थ गुरू और हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक तथा अध्यक्ष हैं। संस्थान योग गतिविधियाँ, प्राकृतिक स्वास्थ्य चिकित्सा और ध्यान प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है। हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति से ध्यान का अभ्यास करने से अल्प समय में ही आत्मिक शांति और प्रसन्नता का अनुभव होता है। मुख्यमंत्री चौहान ने भी परमपूज्य दाजी के मार्गदर्शन में इस ध्यान पद्धति के अनुसार ध्यान किया। संस्थान द्वारा हरीतिमा विकास कार्यक्रम, मृदा एवं जल-संरक्षण, सौर ऊर्जा विकास और नैतिक मूल्य आधारित शिक्षा से संबंधित गतिविधियाँ विश्व के अनेक देशों में की जा रही हैं। संस्थान संयुक्त राष्ट्र संघ से मिल कर भी कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री चौहान ने संस्थान द्वारा बच्चों के बौद्धिक विकास, उनकी ग्रहणशीलता एवं उन्नत चेतना के विकास के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। प्रदेश की कुछ शालाओं में यह कार्यक्रम संचालित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। संस्थान के मार्गदर्शन में प्रदेश के चयनित पर्वतों पर वृक्षा-रोपण, जल-संरक्षण, जल के उपयोग, विलुप्त हो रही पादप प्रजातियों के संरक्षण और प्राकृतिक खेती संबंधित गतिविधियाँ संचालित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में सौर ऊर्जा सहित क्लीन एवं ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में जारी गतिविधियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री चौहान से संस्थान की श्रीमती रूचिवर्धन मिश्र, संजय सहगल, बाबूलाल जाट, नील केलकर और गजेंद्र गौतम ने भी भेंट की। मुख्यमंत्री चौहान के सम्मुख संस्थान के ब्राइटर माइंडस् कार्यक्रम के बच्चों की ग्रहणशीलता पर प्रभाव का प्रदर्शन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में हार्टफुलनेस संस्थान का पहला केंद्र 1987 में विदिशा के गंजबासौदा में स्थापित हुआ। वर्तमान में प्रदेश में 150 केंद्र, 12 आश्रम और 400 प्रशिक्षक कार्यरत हैं।

 

Related Articles

Back to top button