देश

कोलकाता में शूटआउट, महिला को मारने के बाद पुलिसकर्मी ने दे दी जान; बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन के सामने घटना से हड़कंप

 कोलकाता
 
कोलकाता में बांग्लादेश के डिप्टी हाई कमीशन के सामने गोलीबारी की घटना हुई है। बताया जाता है कि इस गोलीबारी को एक पुलिसकर्मी से अंजाम दिया है। पुलिसकर्मी द्वारा अंधाधुंध फायरिंग के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। वहीं पुलिसकर्मी ने रास्ते से आ रही एक महिला को भी गोली मारी है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक घटना में दो लोगों की मौत हो गई है।

नहीं पता चल रही वजह
बताया जाता है कि पुलिसकर्मी अचानक बाहर निकला और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की चपेट में आकर एक बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद पुलिसकर्मी ने खुद को भी गोली मार ली। उधर घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल यह पता नहीं चल पा रहा है कि आखिर यह पुलिसकर्मी कौन था और उसने इतनी बड़ी घटना को क्यों अंजाम दिया। इसके अलावा पुलिसकर्मी की फायरिंग में मारी गई महिला की भी पहचान नहीं हो पा रही है।

पांच मिनट तक हुई फायरिंग
वहीं घटना के बारे में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने अपनी राइफल से गोलीबारी की। इससे दोपहिया वाहन के पीछे बैठी महिला को गोली लग गई और वह बाइक से गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि पुलिसकर्मी ने कुछ देर गोलीबारी करने के बाद अपने सिर पर गोली मार ली। घटना का प्रत्यक्षदर्शी होने का दावा करने वाले बबलू शेख ने कहा कि पूरी घटना करीब पांच मिनट तक चली। घटना के कुछ मिनट बाद भारी संख्या में पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और शवों को ले गए। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

 

Related Articles

Back to top button