देश

रांची: हिंसक उपद्रव के बाद दहशत… विमान, ट्रेन व बस यात्राएं प्रभावित… बड़ी संख्या में यात्रियों ने रद कराया टिकट

रांची
भाजपा नेत्री नुपुर शर्मा के विवादित बयान के बाद शुक्रवार को राजधानी रांची के मेन रोड में हुए हिंसक उपद्रव का सीधा असर लोगों की यात्रा पर पड़ा है। रांची जिला प्रशासन द्वारा 12 थानों में निषेधाज्ञा लागू करने से सड़कों पर वाहन नहीं चल रहे हैं। उधर अनहोनी के डर से लोग घरों में ही दुबके हुए हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। दहशत का आलम यह है कि लोगों ने यात्राएं तक रद करनी शुरू कर दी हैं। इस समय इसका सीधा असर विमान सेवा, ट्रेन सेवा और बस सेवा पर पड़ा है। बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा टिकट कर दिया है।

दस प्रतिशत ट्रेन यात्रियों ने रद कराया टिकट
रांची रेलवे स्टेशन और हटिया रेलवे स्टेशन पर सुबह से यात्रियों की भीड़ अन्य दिनों की तुलना में शनिवार को बेहद कम दिखी। बताया गया कि दस फीसद यात्रियों ने अपना टिकट रद करा दिया है। वहीं, अनारक्षित टिकट काउंटर पर भी यात्रियों की आज भीड़ कम नजर आई। रिजर्व टिकट काउंटर पर स्थित पहले की तरह सामान्य रही। दरअसल इंटरनेट सेवा प्रभावित रहने से कई यात्री अपना टिकट नहीं कटा सके। उन्हें काउंटर पर ही जाकर टिकट कटाना पड़ा। वहीं, यात्रियों को टिकट कैंसिलेशन को लेकर परेशानी हुई। विशेषकर नेट वालों को ज्यादा परेशानी हुई। जबकि, काउंटर से टिकट कटाने वाले यात्रियों को टिकट लेकर स्टेशन जाना पड़ा। उधर, बस सेवाएं ठप होने से कई यात्रियों को पैदल ही अपने घरों से स्टेशन तक जाना पड़ा। कुछ लोग अपने निजी वाहनों से स्टेशन गए।

15 मिनट विलंब से रवाना की गई ट्रेन
यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए रेलवे ने रांची स्टेशन से शनिवार को 15 मिनट विलंब से ट्रेन को रवाना किया, ताकि यात्रियों की ट्रेन नहीं छूटे। मेन रोड रांची में यातायात बाधित होने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए रांची रेल मंडल द्वारा रांची स्टेशन से प्रस्थान करने वाली ट्रेनों को अपने निर्धारित समय से विलंब से खोला गया। इससे जो यात्री यातायात की बाधा की वजह से समय से स्टेशन नहीं पहुंच सके, उनकी ट्रेन नहीं छूटे। रांची रेल मंडल से रेल सेवा में कोई बाधा नहीं हुई तथा परिचालन समान्य रहा।

40 प्रतिशत बस यात्रियों ने रद कराया टिकट
उधर, बस स्टैंड पर भी अन्य दिनों की तुलना में यात्रियों की भीड़ कम नजर आई। खादगढ़ा बस स्टैंड पर आम दिनों की तुलना में 40 प्रतिशत कम यात्री स्टैंड पर पहुंचे। हालांकि, सभी तरह की बसों का परिचालन जारी है। मगर, डर के कारण यात्रियों की संख्या कम रही। बताया गया कि कई यात्रियों ने आज यात्रा स्थगित कर दी है। बस संचालकों के अनुसार, 40 प्रतिशत यात्रियों ने यात्रा रद कर दी है। देर शाम अन्य प्रदेशों के लिए खुलने वाली बसों पर इसका सर्वाधिक प्रभाव पड़ा है। विभिन्न जिलों के लिए यहां से खुलने वाली बसें तो यहां घंटों यात्रियों के लिए खड़ी रहीं। बहुत कम यात्री ही इन बसों में नजर आए।

दस प्रतिशत विमान यात्रियों ने रद कराया टिकट
उधर, भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची का भी आज बुरा हाल रहा। बताया गया कि करीब दस प्रतिशत यात्रियों ने अपना टिकट रद करा दिया है। अन्य जिलों से रांची आने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों ने यह कदम उठाया है। वहीं, रांची के कई यात्री सड़क पर पसरे तनाव को देखते हुए घरों से बाहर नहीं निकलना चाह रहे हैं। संभव है कि जबतक हालात सामान्य नहीं हो जाते, लोग घरों से निकलना पसंद नहीं करेंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, विमानों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। हां, यात्रियों की संख्या में कमी जरूर आई है। सभी विमान निर्धारित समय से उड़ान भर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button