बुंदेलखंड अंचल में बढ़ेगी समृद्धि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Spread the love

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी 27 सितम्बर को सागर में हो रही रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और दुनिया की सबसे बड़ी नदी जोड़ो “केन-बेतवा’’ लिंक परियोजना बुंदेलखंड को समृद्ध बनाने का कार्य करेगी। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव किसी एक जिले या संभाग में ही प्रगति का माध्यम नहीं बल्कि निकटवर्ती अंचल को सम्पन्न और समृद्ध बनाने का विशेष उपक्रम है। इससे क्षेत्र विकास के विविध आयाम हासिल करेगा। बुंदेलखंड की वीरता और शौर्य से पहचान बनी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज जनजातीय संग्रहालय में अंतर्राष्ट्रीय बुंदेली समागम – 2024 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड अंचल की विभिन्न प्रतिभाओं का सम्मान भी किया। कार्यक्रम में अभिनेता श्री मुकेश तिवारी ने बॉलीवुड संवाद, श्री सुमित ओरछा ने बुंदेली महिमा संवाद और बुंदेलखंड के आंचलिक लोक गायक श्री चंद्रभान वासुदेव ने गायन प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री चंद्रभान वासुदेव को बुंदेली गीत की शानदार प्रस्तुति के लिए 31 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और बुंदेलखंड एवं महाकौशल अंचल में शौर्य की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती ने अनेक युद्ध लड़े और जीते। सीमित संसाधनों में उन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। राष्ट्र के लिये वे अपने प्राणों का बलिदान देकर अमर हो गईं। महाराजा छत्रसाल सहित बुंदेलखंड के अन्य योद्धा भी हर युग में पराक्रम के अनूठे उदाहरण प्रस्तुत करते रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की गौरवशाली विरासत है। बुंदेली भाषा की मिठास और सांस्कृतिक परम्पराओं की सुरभि देश-विदेश को महका रही है। मध्यप्रदेश सरकार बुंदेलखंड अंचल के विकास और मान-सम्मान को बढ़ाने के लिए प्रत्येक आवश्यक कदम उठाएगी।

देश-विदेश के प्रतिनिधि रीजनल कॉन्क्लेव में आएंगे, आईटी और टेस्कटाईल सेक्टर को बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सागर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में देश-विदेश से विभिन्न उद्योग-व्यवसाय क्षेत्रों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि आएंगे। प्रदेश के विभिन्न अंचलों के प्रतिनिधि भी कॉन्क्लेव में शामिल होंगे। इस नाते यह कॉन्क्लेव रीजनल न होकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आईटी सेक्टर और टेस्कटाइल सेक्टर में “युवाओं और बहनों को रोजगार के लिए विशेष प्रोत्साहन’’ की नीति लागू की गई है। ऐसी औद्योगिक इकाइयां निरंतर कार्य करें और इनसे युवाओं और महिलाओं को रोजगार मिलता रहे, इस दृष्टि से राज्य सरकार पूर्ण सहयोग करेगी। स्वास्थ्य, खनिज और पर्यटन क्षेत्र में भी नई औद्योगिक इकाइयां प्रारंभ होंगी।

कार्यक्रम को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने भी संबोधित किया। संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, नगर निगम भोपाल के अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, पूर्व मंत्री श्री मुकेश नायक, सुश्री नेहा बग्गा, अन्य जनप्रतिनिधि, मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री ए.पी, सिंह, पंचायत वेब सीरिज की अभिनेत्री पूजा सिंह (रिंकी) एवं अन्य कलाकार उपस्थित थे। प्रारंभ में बुंदेली बौछार की ओर से श्री सचिन चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

 

Related Articles

Back to top button