रामपुर
दो माह तक जिदंगी से जंग लड़ रही संभल की शबाना को आखिरकार उसके अपने मिल ही गए। शबाना को जब उसके परिजन मिले तो वह खुशी से फूले नहीं समाई। वन स्टाप सेंटर की मदद से इस महिला को उसके घर पहुंचाया गया है। महिला अब खुश नजर आ रही है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक महिला बदहवास हालत में एक महिला मिली थी। महिला की हालत ठीक नहीं थी, जिसे पुलिस के माध्यम से वन स्टाप सेंटर भेजा गया था। बाद में सेंटर के कर्मचारियों ने ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला को उलटियां हो रही थीं। डाक्टरों ने उसी हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
उसे पहले मुरादाबाद ले जाया गया, लेकिन मुरादाबाद जिला अस्पताल ने इलाज से हाथ खड़े कर दिए। वन स्टाप सेंटर की प्रबंधक चांद बी के अनुसार उक्त महिला को इसके बाद बरेली के मेंटल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बरेली के मेंटल अस्पताल ने भर्ती से इंकार कर दिया। बाद में नगर मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद पुलिस की टीम ने बरेली के ही राजकीय महिला शरणालय मानसिक मेंटल प्रकोष्ठ में भर्ती कराया।
इसके बाद यहां उसका इलाज कराया गया और फिर इस बीच महिला से उसके बारे में जानकारी ली गई और फिर अब उक्त महिला को संभल में रहने वाले परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। शबाना को पाकर उसके परिजन काफी खुश नजर आ रहे हैं। सेंटर मैनेजर के अनुसार वन स्टाप सेंटर के जरिए इस महिला को उसके परिजनों से मिलवाया गया है। वह भटक कर यहां आ गई थी।
मुरादाबाद और बरेली अस्पतालों ने खड़े किए थे हाथ
शबाना को इलाज की जरूरत थी,लेकिन जब रामपुर अस्पताल ने उसे मुरादाबाद के जिला अस्पताल के लिए भेजा तो मुरादाबाद अस्पताल ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद शबाना को बरेली के मेंटल अस्पताल ले जाया गया,यहां भी उसे बेड नहीं मिला। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट का लिखित आदेश लेकर वन स्टाप सेंटर के कर्मचारी पुलिस को साथ लेकर पहुंचे। तब जाकर महिला शरणालय के मानसिक अस्पताल में उसका इलाज कराया गया।












