कांग्रेस ने 8 निगम महापौर प्रत्याशियों के नाम किये तय ,बाकि नाम देर शाम तक फाइनल

राजनीती

भोपाल

प्रदेश में कांग्रेस ने 16 में से 8 नगर निगम में महापौर पद के प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर दिए हैं। बाकी 8 पर घमासान मचने लगा है। पहला विवाद ग्वालियर से सामने आया है। यहां कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार का नाम महापौर प्रत्याशी के लिए आया है। इसके बाद जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पत्नी रीमा का नाम आगे कर दिया है। अब इस पर फैसला आज देर रात कमलनाथ खुद करेंगे। संभावना है कि कांग्रेस 9 जून की देर शाम सभी महापौर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर देगी।

भोपाल से मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल का नाम तय हुआ है। इंदौर से विधायक संजय शुक्ला और जबलपुर से जिला अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू को टिकट दिया जा रहा है। सागर से पूर्व विधायक सुनील जैन की पत्नी निधि जैन को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया जा चुका है।

विभा ने 1999 ने महापौर का चुनाव लड़ा था और भाजपा की राजो मालवीय को हराया था। 2008 में पार्टी उन्हें गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा चुकी हैं। हालांकि, वे हार गई थीं। पार्टी ने उन्हें मार्च में मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया था। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का उनको समर्थन हासिल है और उनका भोपाल में व्यक्तिगत संपर्क भी बेहतर है।

उज्जैन से तराना विधायक महेश परमार का नाम भी लगभग तय है। मुरैना में शारदा सोलंकी और अर्चना मालवीय में से एक नाम तय होना है, तो रीवा में अजय मिश्रा के नाम पर सहमति बन रही है।

ग्वालियर के लिए भोपाल में बवाल

कांग्रेस ने ग्वालियर में विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार को महापौर चुनाव लड़ाने का मन बनाया था, लेकिन एकराय नहीं बन पा रही है। पार्टी के ग्वालियर से जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों से मुलाकात कर पत्नी को ही टिकट देने के लिए ताल ठोंक दी है। ग्वालियर नगर निगम के लिए प्रभारी बनाए गए पूर्व मंत्री मुकेश नायक कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य बनाने की कोशिश में जुटे हैं।

जबलपुर में अन्नू का नाम आमराय से तय

जबलपुर से शहर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' का नाम आमराय से तय किया गया है। हालांकि पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने अन्नू का नाम प्रस्तावित किया था। बताया जाता है कि 30 मई को कमलनाथ ने अन्नू को चुनाव की तैयारी करने के निर्देश दे दिए थे। इससे पहले कमलनाथ ने पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया और विधायक विनय सक्सेना से भी बात की थी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry