कोटा कोचिंग करने गई बिलासपुर की छात्रा की हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार

बिलासपुर

बिलासपुर
छत्तीसगढ़ की एक होनहार बच्ची को लेकर दुखद खबर मिली है। बिलासपुर की 17 साल की छात्रा की राजस्थान के कोटा में किडनैप कर हत्या कर दी गई। छात्रा कोटा में 12वीं की पढ़ाई के साथ ही नीट की तैयारी कर रही थी। एक माह पहले ही उसने दाखिला लिया था। वह तीन दिन से लापता थी। फिर उसका शव कोटा डैम के पास जंगल में मिला। छात्रा के सिर को पत्थर से कुचल कर हत्या की गई है। छात्रा की दोस्ती आॅनलाइन गेम के माध्यम से गुजरात के एक युवक से हुई थी। युवक तीन दिन पहले उससे मिलने पहुंचा और घुमाने के बहाने ले गया। युवक को गांधीनगर से हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

बिलासपुर के यदुनंदननगर में रहने वाले परिवार की इकलौती बड़ी बेटी सेंट फ्रांसिस स्कूल की छात्रा थी। यहां 11वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद वह मेडिकल की तैयारी करने के लिए राजस्थान के कोटा गई थी। पिता ने 25 अप्रैल को कोटा के न्यू राजीव गांधी नगर स्थित हॉस्टल में रहने की व्यवस्था की थी और एलन इंस्टीट्यूट में दाखिला दिलाया था। छात्रा 6 जून को हॉस्टल से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थी। छात्रा कोचिंग भी गई थी, लेकिन हॉस्टल नहीं लौटी।

6 जून को बेटी का मोबाइल बंद मिला। इस बीच हॉस्टल से भी पिता के पास फोन आया कि उनकी बेटी कोचिंग से हॉस्टल नहीं लौटी है। इससे परेशान होकर पिता अपने व अन्य रिश्तेदारों को लेकर कोटा पहुंचे। वहां उन्होंने जवाहर नगर थाने में सूचना दी। इसके बाद पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई थी।

नाबालिग लड़की के गायब होने पर पुलिस अपहरण की आशंका से जांच में जुट गई थी। उसके मोबाइल का लास्ट लोकेशन रावतभाटा में जवाहर सागर डैम के पास मिली थी। पास ही जंगल भी है। लिहाजा, पुलिस के साथ परिजन देर शाम तक जंगल में उसकी तलाश कर रहे थे। तभी पुलिस ने बुधवार की देर रात जंगल से छात्रा की लाश को बरामद किया।

बताया जा रहा है कि छात्रा जब बिलासपुर में थी, तब मोबाइल में आॅनलाइन गेम खेलती थी। उसी से करीब साल भर पहले गुजरात के रहने वाले युवक से उसकी दोस्ती हो गई। इसके बाद से इंस्टाग्राम में दोनों आपस में चैट करने लगे। युवक 4 जून को गुजरात से कोटा आया था, जहां वह छात्रा से मिला। इसके बाद 6 जून को दोनों घूमने के लिए कोटा डेम की तरफ गए थे। इसके बाद छात्रा वापस नहीं लौटी और युवक का भी कुछ पता नहीं चला। सीसीटीवी में फुटेज में दोनों आखिरी बार साथ दिखे थे। छात्रा का शव मिलने के बाद पुलिस ने युवक को गांधीनगर से हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद ही इस मामले का खुलासा होगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry