23 घंटे, महज 20-25 सवाल, राहुल गांधी क्यों ED को दे रहे हैं संभलकर जवाब?

राजनीती

नई दिल्ली
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ को करीब 23 घंटों से चल रही है। बुधवार को जांच एजेंसी और राहुल के बीच लगातार तीसरे दिन सवाल-जवाब का दौर शुरू हुआ। खबर है कि इस दौरान कांग्रेस नेता महज 20-25 सवालों के ही जवाब दे सके हैं। वहीं, ईडी कार्यालय के बाहर अपने नेता के समर्थन में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि ED के अधिकारी राहुल गांधी से अब तक केवल 20 से 25 सवाल ही पूछ चुके हैं। साथ ही यह भी बताया गया था कि ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस नेता वकीलों के 'सिखाए' जवाब ही पेश कर रहे हैं। हालांकि, मंगलवार को खबर आई थी कि राहुल ने ईडी से पूछताछ पूरी करने की मांग की थी, लेकिन उन्हें बुधवार को दोबारा समन किया गया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष से पहले दिन करीब 9 घंटों की पूछताछ के दौरान बैंक खातों, विदेशों में संपत्ति से जुड़े सवाल किए गए थे। वहीं, दूसरे दिन अधिकारियों ने लगभग 10 घंटों तक सवाल पूछे। बताया जा रहा है कि उस दौरान भी राहुल निजी बैंक खातों को लेकर ठीक तरह से जवाब नहीं दे सके थे।

इधर पूछताछ उधर प्रदर्शन
ईडी कार्यालय में पूछताछ के पहले दिन से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन दिल्ली की सड़कों पर जारी है। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था। आंकड़े बताते हैं कि पुलिस ने पहले दिन 400 से ज्यादा कांग्रेसियों को हिरासत में लिया था। हालांकि, उन्हें करीब 11 घंटों के बाद रिहा कर दिया गया था।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन ने बुधवार को उग्र रूप ले लिया। इस दौरान आक्रोशित नेताओं ने ED कार्यालय से कुछ दूरी पर ही टायरों में आग लगा दी थी। हालांकि, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग बुझा दी थी। इस दौरान महिलाओं समेत कई कार्यकर्ता सड़कों पर आक्रोशित होकर नारेबाजी करने लगे थे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry