उप्र में गेहूं खरीदी की प्रक्रिया 30 जून तक जारी रहेगी -मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश राज्य

लखनऊ
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उच्चाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि किसानों के हित संरक्षण को सुनिश्चित करते हुए गेहूं खरीद की प्रक्रिया आगामी 30 जून तक जारी रखा जाए। क्रय अवधि बढ़ाने का आदेश तत्काल प्रभावी करें। आगामी दिनों में मॉनसून बारिश की संभावना को देखते हुए खरीदे जा रहे गेहूं की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस के बेड़े में और बढ़ोतरी आवश्यक है। सभी मोबाइल मेडिकल वैन क्रियाशील रहें। इनका रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखे जाने के लिए तकनीकी सहयोग लिया जाना चाहिए।

प्रदेश के चिकित्सा संस्थानों में ट्रॉमा सेंटर की सुविधाओं को और बेहतर किए जाने की जरूरत है। लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज की ट्रॉमा क्षमता को और बढ़ाए जाने की जरूरत है। नव स्थापित मेडिकल कॉलेजों में ट्रॉमा सुविधाओं को बेहतर रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

ग्रामीण स्वास्थ्य क्षेत्र में आइआइटी कानपुर मॉडल होगा लागू

ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता कराने के लिए आईआईटी कानपुर ने एक मॉडल तैयार किया है। इसका अध्ययन करते हुए बेहतर कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हर साल अनेक लोगों की असमय मृत्यु होती है। समय से लोगों को अलर्ट किया जा सके, इसके लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ बेहतर समन्वय के साथ तकनीकी प्रबन्ध करने हेतु संयंत्रों तथा सूचना तंत्र शीघ्र लागू किए जाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा परिणाम की प्रतीक्षा होगी। ऐसे में बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम समय से जारी कर दिया जाए। इसकी पूर्व सूचना अभिभावकों, परीक्षार्थियों को जरूर दी जाए।

नौ हजार से अधिक एएनएम की नियुक्ति की जारी प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं। यह राज्य सरकार के प्रथम 100 दिवस की कार्ययोजना में सम्मिलित है। चयन प्रक्रिया में शुचिता और पारदर्शिता बनी रहे। योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर यथाशीघ्र उन्हें नियुक्ति दी जाए।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry