भोपाल
नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में टिकट वितरण से नाराज पूर्व पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने नगर मंडल अध्यक्ष को सामूहिक इस्तीफे सौंपे हैं। इस्तीफा देने वालों में भाजपा नगर उपाध्यक्ष प्रदीप मंडलोई, बूथ अध्यक्ष संदीप उदेनिया, बीएलए अखिलेश श्रीवास्तव, महामंत्री मनोज सोनी, पूर्व पार्षद प्रमिला मंडलोई, पूर्व पार्षद सावित्री मंडलोई, पूर्व पार्षद महेश मालवीय, बूथ अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रजापति सहित आधा दर्जन कार्यकर्ता शामिल हैं। इसी तरह शाजापुर जिले के पोलायकलां नगर परिषद के लिए भाजपा ने वार्ड प्रत्याशियों की घोषणा के बाद घमासान मच गया। पोलायकलां नगर परिषद में 1984 से भाजपा का कब्जा है लेकिन इस बार पार्टी में प्रत्याशियों की घोषणा होते ही विवाद शुरू हो गए।
बीस सालों से पार्षद भोपाल तोमर को इस बार भाजपा ने टिकट नहीं दिया, तोमर ने विरोध करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की। अब ऐसे सभी कार्यकर्ताओं को समझाईश देने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे व्यक्तिश: संवाद के जरिये नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने में जुट गए हैं। इसी तरह इंदौर में टिकट वितरण के बाद हुए विरोध को रोकने में अब तक पार्टी को पूरी सफलता नहीं मिली है।
राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला समेत अन्य वरिष्ठ नेता इसके लिए सक्रिय हैं। भोपाल और ग्वालियर में भी केंद्रीय मंत्रियों, पार्टी पदाधिकारियों की बैठकें इसको लेकर हो रही हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

