सुकमा
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सुकमा में पुलिस ने बड़ी सफलता का दावा किया है. पुलिस का दावा है कि डीआरजी जवानों के साथ हुई मुठभेड़ में नक्सलियों का एरिया कमांडर मारा गया है. मारे गए नक्सली पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था. मारे गए नक्सली की पहचान प्रारंभिक तौर पर कमलेश के रूप में की गई है, जो दरभा डिविजन के मालंगिर एरिया कमेटी के लिए काम करता था. मारे गए नक्सली के शव को बरामद कर लिया गया है. इसे डीआरजी की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है.
सुकमा के एएसपी आईपीएस किरण चव्हाण के मुताबिक शुक्रवार की सुबह मानकपाल इलाके में टीम सर्चिंग के लिए निकली थी. एसटीएफ, सीआरपीएफ और डीआरजी की संयुक्त टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान नक्सलियों की ओर से उनपर फायरिंग शुरू कर दी गई. पुलिस मुताबकि जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई में एरिया कमांडर कमलेश मारा गया. खुद को कमजोर पड़ता देख बाकी नक्सली मौके से फरार हो गए. नक्सलियों के भागने के बाद एरिया में फिर से सर्चिंग की गई. इस दौरान कमलेश का शव बरामद होने का दावा डीआरजी जवानों ने किया है. बता दें कि नक्सलियों ने 27 जून से 3 जुलाई तक बंद का आह्वान किया है.
दंतेवाड़ा में एक दिन पहले हुई थी मुठभेड़
बता दें कि बस्तर संभाग के ही दंतेवाड़ा जिले में एक दिन पहले गुरुवार को डीआरजी और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई थी. इस कटेकल्याण के नेड़ानार के जंगलों में हुई इस मुठभेड़ में पांच लाख रुपयों का इनामी नक्सली मारा गया था, जिसकी दहशत उस पूरे क्षेत्र में थी. जवानों के मुताबिक इसी मुठभेड़ में एक नक्सली घायल हो गया था, जिसे कंधे पर ढोकर जवान अस्पताल पहुंचाए. मारे गए नक्सली का शव शुक्रवार को जिला मुख्यालय लाया गया.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

