युवाओं को इंटरनेट मीडिया के जरिये जोड़ रहे आतंकी संगठन, कहां तक पहुंची कन्हैयालाल हत्‍याकांड की छानबीन

राज्य

जयपुर
उदयपुर में हिंदू दर्जी कन्हैयालाल की बर्बर तरीके से की गई हत्या की जांच में रोज नए राजफाश हो रहे हैं। एटीएस और खुफिया पुलिस की जांच में सामने आया है कि आतंकी संगठन इंटरनेट मीडिया के जरिये युवाओं को बरगला कर अपने साथ जोड़ रहे हैं। इस काम में कई स्कालर जुटे हैं। पैसों का लालच देकर बेरोजगार युवाओं को दावत-ए-इस्लाम जैसे कट्टरपंथी संगठनों से जोड़ा जा रहा है। उन्हें स्लीपर सेल बनाने का षड्यंत्र है।

शांत प्रदेशों को बना रहे निशाना
इस बीच, उदयपुर को छोड़कर पूरे प्रदेश में इंटरनेट सेवाएं रविवार को बहाल कर दी गईं। पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अन्य हिंदी भाषी राज्यों के मुकाबले शांत प्रदेश होने के कारण भी राजस्थान आतंकी संगठनों एवं कट्टरपंथियों के निशाने पर है। उन्हें लगता है कि यहां आसानी से अपनी जमीन तैयार कर सकते हैं।

पूछताछ में जुटे एनआइए के अधिकारी
इस बीच, कन्हैयालाल के दोनों हत्यारोपितों मोहम्मद रियाज और गौस मोहम्मद से एनआइए के अधिकारी पूछताछ में जुटे हैं। इनका सहयोग करने वाले दो लोगों आसिफ हुसैन और मोहसिन खान से एटीएस पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार एटीएस ने करीब तीस लोगों को हिरासत में लिया है।

आठ दिन पहले रचा था षड्यंत्र
कन्हैयालाल की हत्या का षड्यंत्र आठ दिन पहले 20 जून को उदयपुर कलेक्टर कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान रचा गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उस दिन की बैठक में एक दर्जन लोग शामिल हुए थे। बैठक में एक मौलाना और दो वकीलों ने कन्हैयालाल को गोली मारने के बजाय गला रेतकर हत्या करने की बात कही थी, ताकि लोगों में दहशत ज्यादा फैल सके। गौस मोहम्मद और मोहम्मद रियाज ने हत्या करने का जिम्मा लिया था। गौस मोहम्मद 2013 व 2017 में रियाद, 2015 में पाकिस्तान और 2018 में नेपाल गया था।

आरोपितों के आइपीडीआर का विश्लेषण करेंगी एजेंसियां
जांच एजेंसियों के मुताबिक इस मामले में गिरफ्तार चार आरोपितों द्वारा इस्तेमाल किए गए फोन का इंटरनेट प्रोटोकाल डिटेल रिकार्ड (आइपीडीआर) जुटाया जा रहा है। इससे आरोपितों के संपर्को का पता लगाने में मदद मिलेगी। यह भी जाना जा सकेगा कि क्या दावत-ए-इस्लामी संगठन षड्यंत्र रच रहा है। जांच एजेंसियों को आरोपितों के व्हाट्सएप अकाउंट पर कई पाकिस्तानी नंबर भी मिले हैं।

उदयपुर में कर्फ्यू में 10 घंटे की ढील
रविवार को उदयपुर में कर्फ्यू में 10 घंटे की ढील दी गई। इंटरनेट अभी बंद रखा गया है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सोमवार को उदयपुर पहुंचकर कन्हैयालाल के स्वजन से मिलेंगे। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सादिक खान ने दोहराया कि मोहम्मद रियाज का भाजपा से कोई संबंध नहीं है।

जयपुर में प्रदर्शन, हनुमान चालीसा का पाठ
जयपुर में सर्व समाज की ओर से स्टेच्यू सर्किल पर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इससे पहले बड़ी संख्या में लोगों ने शांति मार्च निकाला और आतंक के खिलाफ नारेबाजी की। अजमेर में सकल हिंदू समाज की अपील पर बंद को आम लोगों का अभूतपूर्व समर्थन मिला। व्यापारियों व दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक पूर्ण रूप से बंद रखा। शहर में रीट परीक्षा के आयोजन को देखते हुए दोपहर 12 बजे तक का ही बंद रखा गया था। बाद में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry