नई दिल्ली
राज्यसभा में विशिष्ट क्षेत्रों में योगदान देने वाले प्रमुख सदस्यों को नामित करने में भाजपा ने अपने मिशन दक्षिण को भी दिशा देने की कोशिश की है। खेल, फिल्म, संगीत और समाजसेवा से जुड़े पीटी उषा, इलैयाराजा, वीरेंद्र हेगड़े और वी विजेंद्र प्रसाद अपने-अपने क्षेत्रों के साथ गृह राज्य में विशिष्ट स्थान रखते हैं। इससे भाजपा ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक राज्यों को राजनीतिक संदेश भी दिया है।
राज्यसभा में राष्ट्रपति विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले 12 सांसदों को मनोनीत करते हैं। इस श्रेणी में बुधवार देर शाम राष्ट्रपति ने चार सांसदों को मनोनीत किया है। यह चारों दक्षिण भारत से आते हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में बेहद लोकप्रिय हैं। पीटी उषा केरल से हैं लेकिन पूरे देश का खेल समुदाय के लिए वह जाना पहचाना नाम है। इलैयाराजा अपने संगीत के जरिए जाने जाते हैं। वी विजेंद्र प्रसाद और वीरेंद्र हेगड़े को भी मनोनीत करके भाजपा ने अपने मिशन दक्षिण भारत का बड़ा संदेश दिया है। भाजपा को केरल और आन्ध्र प्रदेश में अपनी जगह बनानी है। तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक के साथ रहते हुए भी अलग जमीनी तैयारी करनी है। इन चेहरों के जरिए भाजपा अपने संगठन और राजनीतिक कार्यक्रमों को एक नई दिशा दे सकेगी।
गौरतलब है कि भाजपा ने हाल में हैदराबाद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से 30-40 साल तक सत्ता में बनाए रखने के लिए पार्टी को लगातार तैयार रखने का आव्हान किया था। दक्षिण भारत भाजपा की सबसे कमजोर कड़ी है, इसलिए उसके लिए उसे विभिन्न स्तरों पर काम करना होगा।
इसमें राज्यसभा के सांसद मात्र एक छोटी सी कड़ी है, लेकिन एक बड़ा संदेश है। मोदी सरकार की उत्तर भारतीय और हिंदी नेतृत्व वाली छवि को भी व्यापक बनाया जा सकेगा।
जानतें हैं नए सदस्यों के बारे में
पीटी उषा
1984 ओलंपिक खेलों में चौथा स्थान हासिल कर पूरे देश में लोकप्रिय हो गईं। उन्होंने 1986 के सिओल एशियाई खेलों में चार स्वर्ण पदक जीते।
इलैया राजा
संगीतकार इलैया राजा ने 1400 फिल्मों के 7000 गाने संगीतबद्ध किए। तमिल के साथ-साथ तेलुगु फिल्मों में भी संगीत दिया
विजयेंद्र प्रसाद
बाहुबली, आरआरआर, बजरंगी भाईजान, राउडी राठौड़, मणिकर्णिका और मार्शल जैसी फिल्मों की कहानी लिखी।
वीरेंद्र हेगड़े
कर्नाटक में धर्मस्थल मंजुनाथ स्वामी मंदिर के अनुवांशिक ट्रस्टी हैं। हेगड़े का परिवार कई हिंदू मंदिरों का ट्रस्टी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

