रामनगर
उत्तराखंड के रामनगर में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. यहां पर्यटकों से भरी एक कार उफनती नदी में गिर गई. इस हादसे में 10 लोग तेज धार में बह गए. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ समेत पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 9 बड़े लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि एक लड़की और महिला को बचा लिया गया है.
रामनगर कोटद्वार रोड के बीच स्थित कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढेला जोन में यह हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि पंजाब के रहने वाले 11 लोग आर्टिगा गाड़ी में उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए निकले थे.
इसी बीच, आज सुबह तकरीबन 5 बजे उनकी कार रामनगर की ढेला नदी के नजदीक पहुंची. भारी बारिश के चलते नदी उफन रही थी और पुल के ऊपर से पानी बह रहा था. इसके बावजूद ड्राइवर ने सावधानी नहीं बरती और गाड़ी को तेज रफ्तार में पुल से पार कराने लगा. लेकिन तेज धार के चलते पर्यटकों से भरी कार नदी में गिर गई.
एक चश्मदीद ने भी बताया कि आर्टिगा कार कॉर्बेट की ओर जा रही थी. उन्होंने लाइट मारकर और हाथ हिलाकर गाड़ी को बहुत रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर नहीं माना और पानी के तेज बहाव में गाड़ी बह गई.
यह देख राहगीरों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी. सूचना मिलते ही बचाव दल ने राहत कार्य शुरू किया. लेकिन कार सवार सभी लोग पानी में बह चुके थे जबकि कार पुल के नीचे ही पड़ी रही. आनन फानन में आसपास के इलाकों में सूचना दी गई और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया गया. इस दौरान बचाव दल ने एक 22 साल की लड़की और महिला को कुछ ही देर में बचा लिया जबकि 9 बड़े लोगों के शव घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बरामद हो गए.
उधर, इस नदी पर ऊंचा पुल बनाने की बात प्रशासन कहता रहा है. पहले भी यहां बारिश के दौरान इस तरह की हादसे हो चुके हैं.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

