बिहार में रुके हुए मॉनसून से तपिश बढ़ी, इन इलाकों में आज बारिश के आसार

राज्य

 पटना
 
बिहार में मॉनसून के रुकने से अधिकतर इलाकों में तपिश बढ़ गई है। गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। राजधानी पटना समेत अन्य शहरों में मंगलवार को बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने बुधवार को दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार जताए हैं।  अन्य इलाकों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। पटना मौसम केंद्र के मुताबिक बिहार में अब भी पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाओं का प्रवाह बना हुआ है। मॉनसून की ट्रफ रेखा अभी गुजरात के कुछ इलाकों से ओडिशा होते हुए बंगाल की खाड़ी से गुजर रही है। अगले 24 घंटे के भीतर बिहार के उतरी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य हिस्से के कुछ इलाकों में हल्की बरसात होने की संभावना है।

बारिश नहीं होने से राज्य में गर्मी का सितम बढ़ रहा है। सहरसा जिले के पुपरी में मंगलवार को सर्वाधिक 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अररिया जिले के फारबिसगंज में भी 38.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

बता दें कि जुलाई महीने की शुरुआत में पूरे राज्य में फैले मॉनसून की रफ्तार पर फिर ब्रेक लगने से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। राज्य में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। इससे खेती पर ज्यादा असर पड़ रहा है। किसानों ने धान की रोपाई कर दी है। ऐसे में बिचड़ा को जिंदा रखना बड़ी चुनौती बनी हुई है। पानी नहीं मिलने से खेत सूखते जा रहे हैं। बिहार के कई हिस्सों में बारिश की कमी से पानी का लेयर भी नीचे जा रहा है। इस हफ्ते मॉनसून के फिर से सक्रिय होने के आसार लगभग नहीं हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry