रायपुर
पर्यावरण को संरक्षित करने व हरियाली को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम रायपुर अच्छी पहल कर रही है। नगर निगम की तरफ से 18 जुलाई से सघन पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महापौर एजाज ढेबर के मार्गदर्शन में संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में दो लाख पौधे रोपित करने की शुरूआत होगी। इसके तहत सभी जोन अपने अधीनस्थ वार्ड के हर घर में नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा। कोई भी नागरिक अपने जोन से संपर्क कर 28 प्रजातियों में से पौधे प्राप्त कर सकेंगे। रायपुर जिले में सोमवार,18 जुलाई से पौधारोपण का महाअभियान शुरू किया जाएगा। कलेक्टर डा. सर्वेश्वर भुरे ने इस अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
नगर निगम आयुक्त मयंक चतुवेर्दी के निर्देश पर महत्वपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए सभी जोन आयुक्तों की बैठक ले चुके हैं। आयोजन के संचालन में कई वर्षों से जुटी स्वयंसेवी संस्था ग्रीन आर्मी का भी सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, रेसिडेंसियल वेलफेयर सोसायटी, शैक्षणिक संस्थाओं सहित सभी संगठनों की सक्रिय भागीदारी होगी।
अभियान के नोडल अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने बताया कि निगम मुख्यालय द्वारा सभी जोन को अलग-अलग 20 हजार पौधे रोपण के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ये पौधे 14 जुलाई से नागरिकों को उपलब्ध होने शुरू हो जाएंगे। सभी जोन कमिश्नरों को पौधे की सुरक्षा, पानी, खाद व रख-रखाव आदि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नि:शुल्क पौधे देने बनाया गया कंट्रोल रूम
रायपुर नगर निगम द्वारा लोगों की सहायता के लिए मुख्यालय स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। निगम द्वारा जारी 8871238553 पर संपर्क कर पौधारोपण अभियान के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा संबंधित जोन के निवासी नि:शुल्क पौधे प्राप्त करने जोन के मोबाइल क्रमांक- 7566755030 (जोन-1), 7987714791 (जोन-2), 7987195173 (जोन-3), 9926918382 (जोन-4), 9669675983 (जोन-5), 9174328047 (जोन-6), 93012 53511 (जोन-7), 9302454265 (जोन-8), 9098120004 (जोन-9), 7879591570 (जोन-10) पर संपर्क कर सकते हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

