मध्य प्रदेश बुक ऑफ फाइनेंशियल पावर्स को नये सिरे से किया जाएगा अपडेट

Spread the love

भोपाल

प्रदेश के सरकारी महकमों में कई नई गतिविधियां बढ़ गई है और कुछ पुरानी गतिविधियां वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अप्रासंगिक हो गई है। इसलिए अब नए सिरे से अधिकारियों को वित्तीय अधिकारों का प्रत्यायोजन किया जाएगा। इसके लिए मध्यप्रदेश बुक आॅफ फायनेंशियल पॉवर्स को नये सिरे से अपडेट किया जाएगा।

वित्त विभाग ने मध्यप्रदेश बुक आॅफ फायनेंशियल पॉवर्स भाग एक और भाग दो के माध्यम से शासन के विभागों और अधिकारियों को विभिन्न मदों में वित्तीय अधिकार प्रत्यायोजित किए गए है। भाग एक वर्ष 2012 में पुनरीक्षित कर जारी किया गया था और भाग दो वर्ष 1995 में जारी किया गया है। जारी होने के बाद विभागीय जरूरतों के अनुसार समय-समय पर इसमें संशोधन भी हुए है।

लेकिन वित्त विभाग द्वारा किए गए फायनेंशियल पॉवर्स डेलीगेट किए जाने को लंबा समय बीत चुका है। समय की आवश्यकतानुसार कई नवीन गतिविधियां भी शुरू हो गई है जिनके लिए वित्तीय अधिकार प्रत्यायोजित नहीं है। इसी तरह पूर्व में किए गए अधिकार प्रत्यायोजन के बाद कई गतिविधियां वर्तमान संदर्भों में अप्रासंगिक हो गई है। इसलिए मध्यप्रदेश बुक आॅफ फायनेंशियल पॉवर्स भाग एक और दो को अपडेट कर संशोधित संस्करण जारी किया जाना है। वित्त विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी महकमों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों को पत्र लिखकर कहा है कि मध्यप्रदेश बुक आफ फायनेंशियल पॉवर्स भाग-1  और 2 में किए गए वित्तीय प्रत्यायोजन को व्यवहारिक बनाने और नवीन मदों में अधिकार सौंपे जाने की आवश्यकता है। इसके लिए 18 जुलाई तक उनसे कई जानकारियां मांगी गई है। मौजूदा नियमों का संदर्भ, विवरण और वित्तीय शक्तियों का प्रयोग करने वाले सक्षम अधिकारी, प्रत्यायोजन की सीमा , शर्तें और इनमें संशोधन के कारण की जानकारी मांगी है।

Related Articles

Back to top button