प्रदेश के धार में यात्री बस नर्मदा नदी में गिरी, CM ने जांच के दिए आदेश

मध्य प्रदेश राज्य

खरगोन
 मध्य प्रदेश के धार जिले के खलघाट में एक महाराष्ट्र परिवहन की बस नर्मदा नदी में जा गिरी, इस हादसे का शिकार बने 13 यात्रियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर से पुणे की ओर यात्री बस जा रही थी, इसी दौरान यह बस खरगोन-धार के बीच खलघाट क्षेत्र में नर्मदा नदी में अनियंत्रित होकर गिर गई। इस हादसे में 13 यात्रियों की मौत हुई है। इनके शव भी बरामद कर लिए गए हैं। वहीं कई लापता हैं। इसके लिए राहत और बचाव का कार्य जारी है।

बताया गया है कि पुणे जा रही बस एक वाहन को ओवरटेक करते हुए खलघाट पर नर्मदा नदी के पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। अभी तक 13 शव बरामद कर लिया गया है, वहीं कुछ यात्रियों के लापता होने की आषंका है, लिहाजा उनकी तलाश की जा रही है। अब तक पांच यात्रियों की पहचान हो पाई है।

इंदौर के संभागायुक्त पवन शर्मा ने बताया है कि इंदौर के सरवटे बस स्टैंड से जब बस चली थी तो उसमें 12 यात्री सवार थे। एक चालक इस तरह कुल 13 यात्री हुए, उसके बाद रास्ते में यात्री सवार हुए होंगे और उतरे भी होंगे। अब तक राहत और बचाव कार्य में 13 शवों को बरामद कर लिया गया है। हादसे के शिकार हुए लोगों की पहचान की जा रही है।

मुख्यमंत्री चौहान ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, दुर्घटना स्थल पर जिला प्रशासन की टीम मौजूद है। बस को निकाल लिया गया है। खरगोन, धार जिला प्रशासन के साथ मैं निरंतर संपर्क में हूं। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं। दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे, मैं व संपूर्ण प्रदेश साथ हैं।

इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री चौहान ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को हादसे से अवगत कराया और कहा कि महाराष्ट्र के निवासियांे के शवों को सम्मानजनक तरीके से भेजा जाएगा। साथ ही राज्य के एक मंत्री को मौके पर भेजा गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चौहान ने इस हादसे से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भी अवगत कराया है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, धार जिले के खलघाट मे नर्मदा नदी में सवारियों से भरी एक बस के गिरने की दुखद जानकारी मिली है। मैं सरकार व प्रशासन से मांग करता हूं कि युद्ध स्तर पर बचाव कार्य कर लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया जाए। ईश्वर से सभी को सकुशल रखने की कामना करता हूं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry