मुंबई
महाराष्ट्र में शिंदे बनाम ठाकरे का नजारा अब तीन जिलों में देखने को मिल सकता है। दरअसल, युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे नाशिक, अहमदनगर, औरंगाबाद समेत कुछ जिलों के दौरे पर हैं। अब खबर है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी उन्हीं जिलों में बड़ा अभियान शुरू करने जा रहे हैं। सीएम का तीन दिवसीय अभियान शुक्रवार से शुरू हो रहा है। ठाकरे की संवाद यात्रा का पहला चरण भिवंडी से शुरू हुआ था और शिर्डी में खत्म हुआ। इनमें नाशिक, औरंगाबाद और अहमदनगर जिले भी शामिल हैं। अब वह सावंतवाड़ी और कोल्हापुर में उनका अगला दौरा 1 अगस्त से शुरू हो रहा है। खास बात है कि ठाकरे ने यात्रा के दौरान बागी विधायकों की आलोचना की थी। इधर, शिंदे भी बागी विधायकों के क्षेत्र में बैठकें करने जा रहे हैं।
29 जुलाई से शुरू हो रही यात्रा के दौरान सीएम शिंदे नाशिक जिले के मालेगांव में कई परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। वहीं, इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी। दरअसल, मालेगांव बागी विधायक दादाजी भुसे का क्षेत्र है। यहां सीएम दोपहर में एक बैठक करेंगे और विधायक सुहास कांदे से मिलेंगे।
औरंगाबाद जिले में सीएम वैजापुर में बैठक करेंगे और यहां मंडल कार्यालय में एक समीक्षा बैठक की जाएगी। इसके बाद वह कई विकास कार्यों की शुरुआत करने के लिए अब्दुल सत्तार के क्षेत्र सिल्लोद जाएंगे। यहां वह एक जनसभा में शामिल होंगे। इसके बाद वह औरंगाबाद मध्य के विधायक प्रदीप जयसवाल, औरंगाबाद पश्चिम विधायक संजय शिरसात और संदीपन भुमरे के दफ्तर पहुंचेंगे। और भारतीय जनता पार्टी के विधायक अतुल सावे से मिलकर मुंबई के लिए निकलेंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

