भिलाई
बिहार पुलिस ने जामुल पुलिस की मदद से ढौर गांव में छिपे हत्या के आरोपी आफताब आलम (40 साल) को गिरफ्तार कर लिया है, उस पर बिहार पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। आरोपी यहां अपने भाई अब्दुल हब के यहां एक महीने से छिपा हुआ था।
जामुल टीआई याकूब मेमन से मिली जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस आज सुबह उनके थाने में आई थी क्योंकि ढौर गांव में उनके यहां का हत्या का आरोपी आफताब आलम छिपा हुआ था। आरोपी आफताब आलम बिहार राज्य के सिवान जिला अंतर्गत पचरुखी थाना अंतर्गत चाप गांव का रहने वाला है। उसने सिवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में 5 अप्रैल 2022 को एक हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ हुसैनगंज पुलिस ने धारा 302, 120बी, 307 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आफताब आमल फरार था। उसका मोबाइल लोकेशन भिलाई में मिलने पर निरीक्षक सर्वेंद्र कुमार सिन्हा के नेतृत्व में 5-6 पुलिस कर्मियों की टीम जामुल थाने पहुंची। इसके बाद जामुल पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद दुर्ग कोर्ट में पेश किया गया। वहां बिहार पुलिस ने उसका रिमांड मांगा है। अब आरोपी को बिहार ले जाने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी आफताब बिहार का बड़ा गुंडा है। उसके खिलाफ वहां और भी मामले दर्ज हैं।















