जहां बंद किए जाते हैं खूंखार अपराधी, लुक्सर जेल में श्रीकांत त्यागी; एक और केस से बढ़ीं मुश्किलें

राज्य

नोएडा
महिला से अभद्रता के आरोपी श्रीकांत त्यागी के खिलाफ मंगलवार देर रात पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज कर लिया। फेज-2 थाने में उसका गिरोह रजिस्टर्ड किया गया है जिसमें श्रीकांत त्यागी को गिरोह का लीडर और उसके कार चालक राहुल को सदस्य बताया गया है। वहीं, लुक्सर जेल में श्रीकांत त्यागी को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। थाना फेज-2 के प्रभारी परमहंस तिवारी की ओर से श्रीकांत के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कराया गया है जिसमें कहा गया है कि उसका सक्रिय और सुसंगठित गिरोह है।

जिले में रजिस्टर्ड हुए गिरोह में यह सबसे छोटा है। श्रीकांत द्वारा कार की नंबर प्लेट बदलकर उन पर प्रदेश सरकार के चिह्न का इस्तेमाल कर समाज में अपना रौब दिखाया जाता था। श्रीकांत खुद को उच्च पदाधिकारी के रूप में प्रदर्शित कर जनता में भय पैदा करता था। इसके जरिये वह आर्थिक और भौतिक लाभ उठाता था। इस मामले में बीते शुक्रवार से अब तक पांच केस दर्ज हो चुके हैं। श्रीकांत त्यागी के जेल जाने के बाद अब पुलिस उसके अन्य मददगारों को भी तलाश रही है। इन लोगों ने फरारी के दौरान उसकी मदद की थी। इन मददगारों पर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी। फरारी के दौरान वह मेरठ में भी कुछ युवकों के संपर्क में था और इन युवकों ने उसकी मदद की थी। इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। उनकी भी गिरफ्तारी होगी।

श्रीकांत ने सुबह जेल का नाश्ता किया
जेल अधीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि लुक्सर जेल में श्रीकांत को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। उसको सुरक्षा के मद्देनजर हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। उन्होंने जेल प्रशासन से दो कंबल और एक चादर ली है। जेल से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात श्रीकांत ने जेल का खाना नहीं खाया था। लेकिन सुबह उसने जेल प्रशासन द्वारा दिया गया नाश्ता और खाना लिया। उसने अखबार भी पढ़े।

मेरे पति ने सरेंडर किया : अनु
श्रीकांत त्यागी के जेल जाने के बाद अब उसकी पत्नी अनु त्यागी सामने आई है। उसने पुलिस अधिकारियों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। अनु त्यागी ने कहा कि उसके पति, उसने और उसके बच्चों ने किसी के साथ कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया। यह एक बड़ी साजिश है। सोसाइटी के 99 प्रतिशत से अधिक परिवार तो उन्हें जानते भी नहीं हैं। वे ना ही उनके विरोध में हैं। कुछ गिने-चुने लोगों ने यह सारी साजिश रची है। अनु त्यागी ने कहा कि उनके पति भाजपा से जुड़े थे और भाजपा में ही थे। उन्होंने सरेंडर किया है। उन्होंने पुलिस पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें शुक्रवार, शनिवार और रविवार दोपहर तक कस्टडी में रखा गया। उनके साथ बदसलूकी की गई, बच्चों से भी बात नहीं करने दी गई।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry