महानदी का पानी शबरी पुल से तीन फीट ऊपर बह रहा…प्रशासन अलर्ट मोड पर

छत्तीसगढ़ रायपुर

जांजगीर-चाम्पा
लगातार हो रही बारिश के चलते जिले में नदी नाले उफान पर हैं। शिवरीनारायण में महानदी का पानी शबरी पुल से तीन फीट ऊपर बह रहा है। शनिवार की रात आठ बजे तक पुल से एक फीट पानी बह रहा था। लगातार हो रही बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ते क्रम में है। रविवार सुबह 8 बजे पुल के ऊपर से तीन फीट तक पानी बह रहा है। शिवरीनारायण के निचले इलाकों सहित महानदी के किनारे बसे गांवों में एहतियातन मुनादी कराई गई है और लोगों को सुरक्षित स्थान पर चले जाने कहा गया है। वहीं चंद्रपुर में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है। पानी खतरे की निशान ऊपर बह रहा है। निचली बस्तियों में पानी घुस गया है। नगर पंचायत भवन, अस्पताल परिसर सहित आसपास जलमग्न हो गया है।

लगातार हो रही बारिश से महानदी में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार की सुबह आठ बजे के करीब शबरी पुल से दो फीट नीचे पानी बह रहा था। दिनभर हुई बारिश के कारण पानी का स्तर बढ़ते क्रम में रहा और शाम 4 बजे तक पुल के ऊपर पानी आने में एक फीट बचा था। इसके बाद रात आठ बजे के करीब पुल के ऊपर पानी पहुंच गया। दिनभर शबरी पुल से वाहनों का आवागमन जारी रहा। शिवरीनारायण के वार्ड क्रमांक एक शिकारी डेरा, जनकपुर तथा मवेशी बाजार के आसपास के लोगों को सावधान रहने को कहा गया। इसके अलावा वार्ड 14, 15 सहित देवरी, खोरसी, तनौद, कनस्दा क्षेत्र के महानदी तटीय किनारे बसे गांव के लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित स्थान में जाने को कह दिया है वहीं बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैें। मार्ग बंद होने से वाहनों की कतार लग गई है। शिवरीनारायण तहसीलदार संदीप साय ने बताया कि महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुल के पास बेरिकेड्स लगाकर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के जवान और गोताखोर तैनात किया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मुनादी करा दी गई है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry