मनाली
कुल्लू जिले के मनाली में सोलंग गांव के लिए बना अस्थायी पुल सोमवार को करीब 3.30 बजे टूट गया। पुल पार कर रहे दो किशोर ब्यास नदी में बह गए। गोशाल गांव में सराणी मेला लगा हुआ है जिस कारण घाटी के सैकड़ों लोग अपने रिश्तेदारों के साथ गांव की खुशियां मनाने आए थे। दोपहर बाद लोग घरों की ओर वापस हो रहे थे कि अचानक पुल पार करते हुए पुल टूट गया और दो किशोर बाढ़ में बह गए। इनमें करीब 13 वर्षीय कृष्ण कुमार गांव घोषाल व 14 वर्षीय राहुल गांव हरिपुर बताए जा रहे हैं। इनके शव अभी तक नहीं मिले हैं। मेले को देखते हुए ग्रामीणों ने दो दिन पहले ही अस्थायी पुल बनाया था, लेकिन रात को आई बाढ़ से पुल कमजोर हो गया था। खतरे से अनजान लोग पुल को आर पार कर रहे थे।
पांच साल से पुल निर्माण की मांग
यह वही गांव है जिस गांव के ग्रामीण पांच साल से पुल का जल्द निर्माण करवाने की मांग कर रहे हैं। मजबूर ग्रामीण चुनावों का बहिष्कार भी कर चुके हैं, लेकिन किसी के कान पर कोई जूं नहीं रेंग रही। ठेकेदार पिछले सात साल से पुल को तैयार नहीं करवा पाया है।
क्या कहते हैं एसडीएम
मनाली एसडीएम डाक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई है। बाढ़ में बहे लोगों को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा हैै।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

