राजस्थान छात्र संघ चुनाव में इनसो का मजबूत आगाज, दिग्विजय चौटाला ने जताया आभार

देश

जयपुर
राजस्थान में छात्र संघ चुनाव से जननायक जनता पार्टी की छात्र इकाई ने मजबूत आगाज किया हैं। छात्र संघ चुनाव के घोषित हुए नतीजों में इनसो ने अपने पहले ही चुनाव में एक विश्वविद्यालय अध्यक्ष समेत पांच जिलों में जीत का परचम लहराया है। राजस्थान छात्र संघ चुनावों में डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर में इनसो प्रत्याशी विकास कुमार शर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। हनुमानगढ़ जिले के स्वामी विवेकानंद कॉलेज, टिब्बी में अध्यक्ष पद पर इनसो प्रत्याशी बबनदीप सरां ने जीत हासिल की, एसडी कॉलेज हनुमानगढ़ से इनसो प्रत्याशी सुखप्रीत सिंह चुनाव जीतकर छात्रसंघ अध्यक्ष बने तो वहीं एमडी कॉलेज रावतसर में इनसो समर्थित प्रत्याशी तुषार सिंह राठौड़ अध्यक्ष पद पर विजयी हुए।
 
श्रीगंगानगर जिले के डॉ राधाकृष्णन गर्ल्स कॉलेज में अध्यक्ष पद पर इनसो से सपना गोदारा ने अध्यक्ष तो वहीं उपाध्यक्ष पद पर मंजू जंडू ने जीत हासिल की। तो वहीं, परमानंद डिग्री कॉलेज से इनसो समर्थित प्रत्याशी नीरज ने जीत हासिल की। जयपुर ग्रामीण के डीसीएस कॉलेज से अध्यक्ष पद पर इनसो प्रत्याशी हंसराज चौधरी ने अध्यक्ष तो वहीं महासचिव पद पर इनसो प्रत्याशी रामभजन गुर्जर ने जीत हासिल की।

जयपुर के राजस्थान कॉलेज में इनसो समर्थित प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर जीते। कोटपूतली के कोटकासिम संस्कृत कॉलेज में इनसो प्रत्याशी पंकज पंवार समेत पूरे पैनल ने निर्विरोध जीत हासिल की तो वहीं एलबीएस कॉलेज से सचिव पद पर इनसो प्रत्याशी संदीप जाट ने जीत हासिल की। झुंझुनू के राजकीय कन्या महाविद्यालय हेतमसर में इनसो के पूरे पैनल ने निर्विरोध जीत हासिल की।

इनसो की मजबूत शुरुआत के लिए जेजेपी प्रधान महासचिव एवं पूर्व इनसो अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने राजस्थान के छात्रों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इतने कम समय में इनसो को राजस्थान के छात्रों ने भरपूर समर्थन दिया, जिसके लिए वे राजस्थान के छात्रों का अभिनंदन करते हैं। दिग्विजय ने कहा कि राजस्थान के छात्रों ने जो प्यार और अपनापन दिखाया, उसका हमारे लिए बहुत अधिक महत्व है और हम छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। वहीं इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देशवाल ने कहा कि ये चुनाव परिणाम इनसो की राजस्थान में स्वर्णिम शुरुआत के संकेत हैं और इनसो कार्यकर्ता आने वाले चुनाव तक लगातार छात्रों के बीच रहकर कार्य करते रहेंगे।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry