भोपाल
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए अब मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य में गांधी चौपाल लगाएगी। दो अक्टूबर गांधी जयंती से इसकी शुरुआत होगी। तीस जनवरी 2023 तक 23 हजार गांवों में चौपाल लगाई जाएगी।
इसमें वर्तमान राजनीतिक स्थिति, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। इस कार्यक्रम में कोई मंच नहीं बनेगा। स्वागत या नारे लगाना प्रतिबंधित रहेगा। प्रदेश कांग्रेस ने सभी विधायक, जिला और ब्लाक इकाई के साथ बूथ, मंडलम और सेक्टर के पदाधिकारी को कार्यक्रम में भागीदारी करने के निर्देश दिए हैं।
नवंबर में सम्मेलन होंगे – प्रदेश कांग्रेस ने आगामी चुनाव को दृष्टि में रखते हुए कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्र स्तर पर सक्रिय करने की कार्ययोजना बनाई है। संभाग और जिला स्तर पर बूथ, मंडलम और सेक्टर पदाधिकारियों के सम्मेलन नवंबर से आयोजित किए जाएंगे।
वहीं, जिला प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति करके उन्हें जिले में सहयोगी संगठनों के बीच समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में दो अक्टूबर से गांवों में गांधी चौपाल का आयोजन किया जाएगा। 23 हजार गांवों में यह कार्यक्रम होगा। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता को प्रभारी बनाया है।
उन्होंने बताया कि जनवरी 2023 तक गांधी चौपाल 23 हजार गांवों में लगाई जाएगी। इसमें भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम,नुक्कड़ नाटक, देशभक्ति एवं स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित लघु फिल्मों का प्रदर्शन, कांग्रेस के नेतृत्व में हुए स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर चर्चा, वर्तमान राजनीतिक स्थिति, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। महंगाई और बेरोजगारी पर आमजन से बात की जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

