ब्रिटेन के नए राजा किंग चार्ल्स तृतीय के स्वास्थ्य पर लोगों ने उठाए सवाल

दुनिया

 

लंदन

 ब्रिटेन को 70 साल बाद अपना नया सम्राट मिल गया है। गुरुवार को क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय का 96 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके बेटे चार्ल्स अब देश के नए राजा हैं। हाल ही में जब चार्ल्स टीवी और इंटरनेट पर नजर आए तो लोगों का ध्यान उनकी उंगलियों की ओर गया जो काफी सूजी और सुर्ख लाल थीं। सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। लेकिन एक डॉक्टर ने 73 साल के किंग चार्ल्स III की सेहत को लेकर स्थिति साफ की है। एलिजाबेथ द्वितीय का निधन उनके बाल्मोरल कैसल में हो गया था। वह सबसे लंबे समय तक ब्रिटेन पर राज करने वाली सम्राट थीं।

डेलीस्टार से बात करते हुए यूनिवर्सिटी के सीनिया में लेक्चरर डॉ गैरेथ नी ने बताया कि उंगलियां 'कई कारणों से' सूज सकती हैं। इसकी एक संभावना एडीमा या तरल का जमना हो सकता है। डॉक्टर ने कहा कि एडीमा की स्थिति में शरीर अंगों में तरल पदार्थ इकट्ठा करना शुरू कर देता है। आमतौर पर यह पैरों और एड़ियों में होता है लेकिन उंगलियों में भी यह स्थिति देखने को मिल सकती है जो अंगों की सूजन का कारण बनती है। उन्होंने कहा कि एडीमा एक सामान्य स्थिति है और ज्यादातर 65 साल से अधिक उम्र के लोगों को प्रभावित करती है।

दवाओं का साइड इफेक्ट या आर्थ्राइटिस?
डॉ नी ने कहा कि दूसरा कारण संभवतः आर्थ्राइटिस हो सकता है। उन्होंने कहा कि 60 साल से अधिक उम्र के लोगों में आर्थ्राइटिस बेहद सामान्य होता है। अक्सर यह हाथ में तीन प्रमुख हिस्सों, अंगूठे या उगलियों के जोड़ों पर, को प्रभावित करता है। इसमें उंगलियां आमतौर पर कठोर हो जाती हैं और सूजन और दर्द जैसी शिकायतें बनी रहती हैं। डॉक्टर के मुताबिक दवा लेने से दर्द में तो आराम मिल सकता है लेकिन सूजन बरकरार रहती है। इसके अलावा यह दवाओं का साइड इफेक्ट भी हो सकता है।

बढ़ती उम्र का संकेत
सोशल मीडिया पर कई लोग चार्ल्स की उंगलियों को देखकर उनके स्वास्थ्य को लेकर तमाम तरह के कयास लगा रहे थे। डॉक्टर ने उन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि सूजी उंगलियों के बावजूद किंग किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ उंगलियों की सूजन से कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता और यह संभवतः उनकी उम्र का भी संकेत हो सकता है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry