होशियारपुर सीनियर अधिकारी तंग आकर ASI ने थाने में सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली

देश

होशियारपुर

 होशियारपुर में अपने सीनियर अधिकारी द्वारा कथित रूप से 'अपमानित' और परेशान किए जाने से आहत एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) ने आज सुबह पुलिस थाने के अंदर अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली. इससे पहले उसने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें इतना बड़ा कदम उठाने की वजह बताई है.

होशियारपुर जिले के हरियाना थाने में तैनात ASI सतीश कुमार ने खुदकुशी से पहले रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में आरोप लगाया कि टांडा थाने के थाना प्रभारी SHO ओंकार सिंह ने गुरुवार को निरीक्षण के दौरान उन्हें गालियां दीं. वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, "मैंने उनसे कहा कि इस तरह मेरा अपमान करने के बजाय, बेहतर होगा कि मुझे गोली ही मार दो."

कुमार ने आरोप लगाया कि पूरा प्रकरण इसलिए हुआ क्योंकि एसएचओ उनके एक जवाब से संतुष्ट नहीं थे. कुमार ने वीडियो में कहा, "उन्होंने मुझसे उन मामलों के बारे में पूछा, जो अगले दिन पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालयों में सुनवाई के लिए निर्धारित था. मैंने उनसे कहा कि केवल एक मामला है जिस पर मैं काम कर रहा हूं और अन्य मामलों का विवरण संबंधित जांच अधिकारी से मिल सकता है."

बतौर कुमार, "उसके बाद उन्होंने मुझे अपमानित किया. वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने मेरे खिलाफ रिकॉर्ड बुक में शिकायत भी दर्ज कराई." वीडियो में कुमार ने कहा कि इस घटना के बाद अपना जीवन समाप्त करने का फैसला किया है.

इस वाकये के बाद आरोपी एसएचओ को पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं. होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चहल ने जिले के कनिष्ठ पुलिसकर्मियों से अपील की है कि अगर उन्हें कोई समस्या आ रही है तो वे उनसे संपर्क करें.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry