धमतरी
तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो जाने के कारण बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरूद में इलाज के दौरान मौत हो गई। बिरेझर चौकी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बिरेझर चौकी प्रभारी गोवर्धन सिंह ठाकुर ने बताया कि 17 सितंबर को शाम गुप्ता ट्रैवल्स की बस यात्रियों को लेकर धमतरी से रायपुर की ओर जा रही थी, तभी कौनकेरा राजिम निवासी बलराम पुत्र बलभद्र गोस्वामी 45 वर्ष, गजेंद्र 40 वर्ष पुत्र यशवंत गोस्वामी और पुरुषोत्तम 46 वर्ष पुत्र गोवर्धन गोस्वामी एक बाइक में सवार होकर परिजनों के यहां ग्राम दरबा आ रहे थे, तभी ग्राम दरबा में नेशनल हाईवे पर टर्निंग के पास बाइक व बस में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची, तो बिरेझर चौकी प्रभारी व पुलिस टीम ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरूद लाए। घायलों की स्थिति गंभीर होने की वजह से घटना के कुछ देर बाद अस्पताल में तीनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को देर रात ही दे दी। रविवार को तीनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

