ग्वालियर
ग्वालियर में एक सास ने 2 महीने के पोते और बहू को आग लगा दी। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं। महिला अपने बेटे को लेकर सास के पास खर्च मांगने पहुंची थी, तभी सास ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला बचने के लिए अपने बेटे को गोद में लेकर सड़क पर भागी। वह 90% तक झुलस गई। ससुराल वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और गायब हो गए।
घटना उपनगर मुरार के सत्यनारायण संतर इलाके की है। घायल महिला करिश्मा ने बयान में सास पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उसकी सास और पति पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है, लेकिन गिरफ्तार नहीं कर सकी।
पुलिस ने बताया कि करिश्मा ने 2 साल पहले वासु शिवहरे से लव मैरिज की थी। करिश्मा मुस्लिम फैमिली से है। दोनों के परिवार शादी के लिए राजी नहीं थे। ससुराल वालों की भी नाराजगी की वजह से करिश्मा को उसका पति ससुराल के घर के करीब ही किराए से मकान लेकर रह रहा था। 2 महीने पहले करिश्मा ने बेटे को जन्म दिया।
करिश्मा ने पुलिस को बताया कि वासु ने घर पर पैसे देने बंद कर दिए। वह ठीक से बेटे का पालन-पोषण नहीं कर पा रही है। गुरुवार शाम वह सास नजनी शिवहरे के पास मदद की आस लेकर पहुंची थी कि पोते को देखकर उनका दिल पसीज जाएगा। जब उसने खर्च के लिए रुपए मांगे तो सास नाराज हो गई।
पति के सामने सास ने जलाया
गुरुवार रात सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस को दिए बयान में करिश्मा ने आरोप लगाया कि सास ने पेट्रोल डालकर उसे जलाया। पति पास ही खड़ा था। उसने अपनी मां को जरा भी नहीं रोका। न ही मुझे बचाने का प्रयास किया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

