भोपाल
गांधी नगर इलाके में एक युवती का अपहरण कर व डरा-धमका कर जबरन मंदिर में शादी करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने अपनी बहन को मेहंदी लगवाने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया। थाना पुलिस के मुताबिक 20 वर्षीय युवती एयरपोर्ट रोड पर रहती है। वह अपने घर में किराना दुकान चलाती थी। उसकी दुकान पर पंकज कुशवाहा नाम का युवक अक्सर किराना सामान लेने आता था। इस कारण वह उसे पहचानती थी। करीब छह माह से दुकान बंद है। 8 अक्टूबर को युवक उसके घर पहुंचा और उससे कहा कि मेरी बहन को मेहंदी लगवाना है। तुम कुछ समय के लिए मेहंदी लगाने के लिए मेरे साथ चलो। इस पर युवती राजी हो गई और युवक के साथ बाइक पर बैठकर चली गई। इस दौरान युवक अपनी बहन के घर जाने के बजाए युवती को लेकर नेहरू नगर स्थित आर्य समाज मंदिर पहुंचा। जहां पर उसने युवती को डरा धमका कर जबरन शादी कर ली। इसके बाद आरोपी ने उसे एक दिन अपने साथ रखा। बुधवार को युवती ने युवक से कहा कि मुझे अपने माता-पिता की याद आ रही है। मुझे उनसे मिलना है।
इस पर युवक ने युवती को बाइक से घर के पास छोड़ दिया। घर पहुंचने पर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। हालांकि उसने युवक द्वारा किसी भी प्रकार की गलत हरकत न करने की भी बात बताई। उसने परिजनों से कहा कि वह युवक के साथ नहीं रहना चाहती। घटना का पता चलने पर पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंच कर शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और धमकाने का केस दर्ज किया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

