पटना
भाजपा के बिहार प्रभारी मनोनीत होने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े शुक्रवार को अपने तीन दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। उन्होंने बिहार भाजपा के कोर ग्रुप के सदस्यों से अलग-अलग मुलाकात की। पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, पूर्व मंत्री जनक राम, प्रेम कुमार व नंद किशोर यादव से बात की। दूसरी पाली में भी कोर ग्रुप के अन्य कई सदस्यों से मुलाकात हुई। नवल किशोर यादव, राजेन्द्र गुप्ता, सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा से गुफ्तगू की।
हालांकि भाजपा की ओर से अपने प्रभारी की गतिविधियों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक तावड़े का यह दौरा विशुद्ध रूप से कोर ग्रुप सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से औपचारिक तरीके से परिचय व संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ी चर्चाओं को लेकर है। चर्चा नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर प्रभारी द्वारा विभिन्न नेताओं की नब्ज टटोले जाने को लेकर भी है। माना जा रहा है कि कार्यकालय पूरा कर चुके संजय जायसवाल की जगह पार्टी पर्व-त्योहार के बाद नए नाम की घोषणा करे। नेताओं ने बताया कि शनिवार को तावड़े मुजफ्फरपुर जाएंगे। वहां संगठन की क्षेत्रीय बैठक लेंगे।
रविवार को पटना में मगध और पटना प्रमंडल की भी क्षेत्रीय बैठक प्रस्तावित है। इससे पहले शनिवार को तय कार्यक्रम के अनुसार मुजफ्फरपुर में बैठक होने वाली है। बैठक में पार्टी के नेता शामिल होंगे जिनसे तावड़े सीधे बात करेंगे। इससे पहले तावड़े का पटना पहुंचने पर एयरपोर्ट पर पूर्व मंत्री नीतीश मिश्र, नितिन नवीन, प्रोटोकाल प्रभारी राजीव मिश्र ने स्वागत किया।
ये हैं भाजपा की कोर टीम में
बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, रेणु देवी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय व अश्विनी चौबे, राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार, नंदकिशोर यादव, मंगल पांडेय, शाहनवाज हुसैन, सम्राट चौधरी जनक राम, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, एमएलसी नवल किशोर यादव और राजेंद्र प्रसाद गुप्ता सदस्य, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ और बिहार के सहप्रभारी हरीश द्विवेदी विशेष आमंत्रित सदस्य।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

