- खनिज साधन मंत्री ने पन्ना में मृगनयनी शोरूम का शुभारंभ किया
भोपाल
खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को पुरानी कचहरी तिराहा पन्ना स्थित महिला-बाल विकास भवन में संत रविदास म.प्र. हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम के नवनिर्मित शोरूम का शुभारंभ किया। उन्होंने शोरूम का अवलोकन कर बुनकरों द्वारा निर्मित उत्पादों के बारे में जानकारी ली।
खनिज साधन मंत्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के स्थापना दिवस पर पन्ना शहर में मृगनयनी शोरूम की सौगात नगरवासियों को मिली है। इससे स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों का विक्रय होगा और उनकी आमदनी भी बढ़ेगी। मृगनयनी ब्राण्ड ने देश में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि खजुराहो और भोपाल जैसे शहरों के बाद अलग ब्राण्ड का शोरूम होने से यह पन्ना में भी अलग पहचान स्थापित करेगा। नगरवासियों के साथ पर्यटकों को भी गुणवत्तायुक्त उत्पाद क्रय करने की सुविधा मिल जाएगी। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। वर्तमान में छोटे स्वरूप में इसकी शुरूआत की गई है। आगामी दिनों में वृहद स्वरूप में इसका विस्तार किया जाएगा।
मंत्री सिंह ने कहा कि शोरूम को बेहतर रूप से संचालित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पन्ना की पहचान धार्मिक नगरी के रूप में है। इसे स्वच्छ और सुसज्जित बनाने के साथ ही विकास के आयामों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जाएगा। डायमण्ड पार्क की स्थापना सहित एनएमडीसी खदान को पुनः शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को कलेक्टर संजय कुमार मिश्र और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने भी संबोधित किया। मृगनयनी के वरिष्ठ प्रबंधक योगेन्द्र सिंह ने ब्राण्ड और उत्पादों के संबंध में अवगत कराया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

