भोपाल
नगर निगम परिषद की कल होने वाले दूसरी बैठक, पहली बैठक से अधिक हंगामेदार होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि दूसरी बैठक में भाजपा पार्षद ही निगम प्रशासन के अफसरों के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले हैं। बैठक में सड़क, सीवेज के साथ ही जेडओ, एएचओ की नियुक्तियां, पार्षद निधि सहित कई मुद्दे उठेंगे। सत्तापक्ष भाजपा के पार्षद ही खासे नाराज हैं। उधर कांग्रेस पार्षद उक्त मुद्दों के साथ बैठक व्यवस्था की बात रखेंगे।
अफसरों के प्रभार पर होगी चर्चा
हाल ही में हुए आदेश में कई जेडओ और एएचओ के पद प्रभार में दिए गए हैं। इसके साथ ही सीवेज और सड़कों से जुड़ी व्यवस्था में सिटी इंजीनियर ओर कार्यपालन यंत्री जैसे पद प्रभार में हैं। पार्षद इन सब विषयों को उठाएंगे। गौरतलब है कि सड़क ओर सीवेज के मामले पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई थी।
मनमनी के खिलाफ खुलेगा मोर्चा
नगर निगम में पार्षदों की बिल्कुल भी नहीं चल रही है। पार्षदों के कहने पर अफसर कोई काम नहीं कर रहे हैं। पार्षदों का आरोप है कि अफसर अपनी मनमनी कर रहे हैं। यह पार्षदों को कुछ नहीं समझते। इन पर लगाम कसने के लिए परिषद की बैठक में इनके खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। शहर के सभी 85 पार्षद इस मामले में एकजुट नजर आएंगे। यह मामला भाजपा पार्षद दल की बैठक में भी उठ चुका है।
कांग्रेस की अपनी समस्या
परिषद की बैठक को लेकर कांग्रेस पार्षद दल की बैठक हुई थी। इसमें नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्षद दल के बैठक व्यवस्था नहीं करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। अब यह मुद्दा कल परिषद की बैठक में भी उठाया जाएगा। हो सकता है कि कांग्रेस पार्षद बैठक में कुर्सियों की वजाय नीचे बैठकर अपना विरोध दर्ज कराएं।
विकास पर सभी एकजुट
महापौर मालती राय ने कहा कि सभी जन प्रतिनिधियों की इच्छा शहर विकास की है। नगर निगम परिषद इसी उद्देश्य को लेकर काम कर रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

