सरकार ने चुनावों को ध्यान में रखते हुए अफसरों की जमावट की शुरु

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल

दीपोत्सव के बाद हुए बड़े फेरबदल में राज्य सरकार ने अगले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अफसरों की जमावट शुरु कर दी है। मंत्रियों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अफसरों को बदला गया है तो जलजीवन मिशन में बेहतर काम का पुरस्कार आईएएस मलय श्रीवास्तव को मिला है। उन्हें पीएचई से निकालकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौपी गई है। वहीं नीरज मंडलोई को भी नगरीय प्रशासन विभाग और सुखवीर सिंह को लोक निर्माण विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौपी गई है। अगस्त महीने से ही यह बदलाव प्रस्तावित था लेकिन निकाय चुनाव और त्यौहारों के कारण यह टलता रहा और अब दीपोत्सव और ग्यारस समाप्त होते ही इसे अंतिम रूप दे दिया गया।

भूपेंद्र सिंह की पसंद को तरजीह
नगरीय प्रशासन विभाग में मंत्री भूपेन्द्र सिंह की अपने विभाग के अफसरों से पटरी नहीं बैठ रही थी। पहले निकुंज श्रीवास्तव को यहां से हटाया गया और अब मनीष सिंह को यहां से हटाकर उद्योग विभाग में पीएस बनाया गया है। इनके अलावा और भी कई महकमें ऐसे है जहां मंत्रियों की पसंद को ध्यान में रखते हुए और पूर्व अधिकारियों से तालमेल नहीं बिठा पाने वाले अफसरों को बदलते हुए दूसरे अफसरों की पदस्थापना की गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और नगरीय विकास एवं आवास विभाग सीधे जनता से जुड़े विभाग है इसलिए यहां मंत्रियों की पसंद पर बेहतर अफसरों को जिम्मेदारी सौपी गई है। जलजीवन मिशन में हर घर जल पहुंचाने के अभियान पर काम कर रहे मलय श्रीवास्तव अब पंचायतों में जलवितरण को लगातार बनाए रखने के काम को यहां आकर संभालेंगे। इसके अलावा पीएम आवास और अन्य कामों में भी और तेजी आएगी।

मंडलोई को नगरीय प्रशासन की जिम्मेदारी
नीरज मंडलोई को लोक निर्माण से हटाया गया तो नगरीय प्रशासन विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी उन्हें मिली है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव पहले खाद्य विभाग में रह चुके है उन्हें वहां कामों का बेहतर अनुभव है इसलिए उन्हें खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी सौपी गई है। उनके आने के बाद राशन दुकानों में हाल ही में की गई जांच में मिली गड़बड़ियों पर और सख्ती से लगाम लगाना संभव हो सकेगा। सुखवीर सिंह को भी खनिज विभाग के बाद लोक निर्माण विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग की कमान दी गई है।

इन अफसरों की बढ़ाई जिम्मेदारी…
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा के खाते में अब टीआरआई संचालक की जिम्मेदारी और आ गई है। इस जिम्मेदारी से अशोक शाह को हटाया गया है। सबसे चौंकाने वाला तबादला संजय शुक्ला का है। इंदौर में जनवरी में इन्वेस्टर समिट होंने वाली है इससे ठीक पहले विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला और  औद्योगिक केन्द्र विकास निगम के एमडी जॉन किंग्सली को भी बदल दिया गया है उद्योग विभाग में मनीष सिंह को प्रमुख सचिव बनाया गया है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry