देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में 33 फीसदी की गिरावट, 625 नए मामले आए

देश

नई दिल्ली
 भारत में मंगलवार को कोरोना के सबसे कम नए मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 625 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। कोरोना के ये नए मामले 9 अप्रैल, 2020 (30 महीनों) के बाद से सबसे कम हैं। वहीं, मार्च 2020 के बाद से इस तरह की पहली घटना में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के चलते देशभर में कोई मौत नहीं हुई है।

मंत्रालय के अनुसार सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों में देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 4 करोड़ 46 लाख 62 हजार 141 ( 4,46,62,141) हो गई है। देश में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 14,021 हो गए हैं। कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 5 लाख 30 हजार 509 (5,30,509) है।

9 अप्रैल, 2020 को देश में आए थे कोरोना के 540 मामले

समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार 9 अप्रैल, 2020 को एक दिन में कुल 540 कोरोना के नए मामले सामने आए थे। मार्च 2020 के बाद से इस तरह की पहली घटना है जब देश में पिछले 24 घंटों में किसी की मौत नहीं हुई है। कर्नाटक के कालाबुरागी का एक 76 वर्षीय व्यक्ति भारत में कोरोना वायरस का पहला शिकार था।

देश में कोरोना की मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत की गई दर्ज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार सक्रिय मामलों में कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत शामिल है, जबकि कोरोना की रिकवरी दर बढ़कर 98.78 प्रतिशत हो गई है। कोरोना महामरी से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 41 लाख 17 हजार 611 (4,41,17,611) हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई है।

मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत अब तक देश में कोविड वैक्सीन की 219.74 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

 गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry