- मुख्यमंत्री चौहान, केन्द्रीय मंत्री कुलस्ते सहित अनेक जन-प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे
- संपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम के शुभारंभ और जेईई, नेट और क्लेट के सफल विद्यार्थियों का होगा सम्मान
- प्रदर्शनी के माध्यम से सामने आएगी जनजातीय विकास की गौरव गाथा
- मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। राज्य स्तरीय कार्यक्रम शहडोल में होगा। दोपहर दो बजे से कार्यक्रम होंगे। इसके पहले दोपहर एक से दो बजे तक 89 जनजातीय बहुल विकासखंडों के कार्यक्रम होंगे। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा के जन्म-दिवस पर जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम भव्य रूप में हो रहे हैं। गत वर्ष 15 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भोपाल आकर जम्बूरी मैदान पर जनजातीय गौरव दिवस को संबोधित किया था। इस वर्ष प्रदेश में उत्साह और गरिमामय कार्यक्रम से जनजातीय समाज के लोगों की उपस्थिति में कार्यक्रमों की रचना की गई है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का यह क्रांतिकारी कार्यक्रम होगा। यह कार्यक्रम आनंद के प्रकटीकरण का रहेगा। प्रदेश में जनजातीय वर्ग के लोगों को बताया जाएगा कि पेसा एक्ट क्या है, इसके क्या लाभ हैं। जनजातीय योजनाओं के लाभ बताते हुए प्रदेश में जनजातीय वर्ग के सशक्तिकरण के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शहडोल सहित अन्य स्थानों पर जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण की जाएँ। गत वर्ष जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय कल्याण के लिए की गई घोषणाओं में से अधिकांश पूर्ण हो गई हैं। प्रदेश में जनजातीय कल्याण और पेसा कानून के माध्यम से समरसता के साथ विकास के कार्यों को अमल में लाने का संकल्प राज्य सरकार का है।
मुख्यमंत्री चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से कलेक्टर्स को संबोधित भी किया। मुख्यमंत्री चौहान ने राज्य के 89 विकासखंड के कार्यक्रम की व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनजातीय कार्य मंत्री सुमीना सिंह, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के होंगे ये आयाम
शहडोल में आयोजित हो रहे राज्य स्तरीय कार्यक्रम के अनेक महत्वपूर्ण आयाम रहेंगे। जनजातीय विकास की गाथा बताने वाली प्रदर्शिनी लगाई जाएगी। अनेक जनजातीय लोक नृत्य होंगे। एकलव्य घंसौर के विद्यार्थी बैगा नृत्य प्रस्तुत करेंगे। पुलिस बैंड द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। संपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम के शुभारंभ और जेईई, नेट और क्लेट के सफल विद्यार्थियों का सम्मान भी होगा। भगवान बिरसा मुंडा स्व-रोजगार और टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र दिए जाएंगे। केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अनेक जन-प्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

