नई दिल्ली
गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच बड़े दलों ने 2024 लोकसभा के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज मुख्यालय में मंथन करेंगे। वहीं, खबर है कि सोमवार को कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में भी कांग्रेस की 2024 के लिए गठित टास्क फोर्स की पहली बैठक होने जा रही है।
रविवार को राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में महासचिव (संगठन) बीएल संतोष के नेतृत्व में बैठक होने जा रही है। खबर है कि इस बैठक में 2024 चुनावों को लेकर चर्चा होगी। मंथन में सभी मोर्चों के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, इस दौरान गुजरात विधानसभा और एमसीडी चुनाव को लेकर भी भूमिकाएं तय की जाएंगी। इनके अलावा पार्टी के महासचिव भी मीटिंग में मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस की टास्क फोर्स
खबर है कि सोमवार को खड़गे के नेतृत्व में टास्क फोर्स की बैठक होने जा रही है। रणनीति समूह के सदस्य खड़गे को टास्क फोर्स के का और 2024 के लिए योजनाओं की भी जानकारी देंगे। टास्क फोर्स में पी चिदंबरम, मुकुल वासनिक, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन, रणदीप सुरजेवाला, प्रियंका गांधी वाड्रा और सुनील कानूगोलू शामिल हैं।
चुनाव पर चुनाव
2022 का अंत दिल्ली में एमसीडी, गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ होगा। साल 2023 में त्रिपुरा, मेघालय, नगालैंड, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान, तेलंगाना में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके बाद साल 2024 में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव होंगे।
विपक्षी एकजुटता की कवायदें
केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा को हराने के लिए तृणमूल कांग्रेस, भारत राष्ट्र समिति समेत कई दल विपक्षी एकजुटता की कवायद करते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा खबरें थी कि नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस यानी NDA से अलग होने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी विपक्ष का नेतृत्व करने की ओर देख रहे थे। बिहार में गठबंधन तोड़ने के बाद उन्होंने दिल्ली में कई बड़े नेताओं से मुलाकात की थी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

