नई दिल्ली
गुजरात में इस बार 'मुश्किल' में फंसी भाजपा की गाड़ी क्या कांग्रेस की मदद से ही बाहर निकलेगी? गुजरात में मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) ने गुजरात में भाजपा और कांग्रेस के बीच कथित 'जुगलबंदी' की ओर इशारा करते हुए एक वीडियो शेयर कर तंज कसा है।
'आप' ने शनिवार को गुजरात का एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में कीचड़ में फंसे भारतीय जनता पार्टी का प्रचार कर रहे एक वाहन को कांग्रेस के पोस्टरों से सजे प्रचार वाहन द्वारा खींचकर बाहर निकालते देखा जा सकता है। 'आप' का कहना है कि गुजरात में भाजपा के रुके हुए चुनावी वाहन को बचाने के लिए कांग्रेस जी-तोड़ कोशिश कर रही है।
गौरतलब है कि 182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। दो चरणों में 01 दिसंबर और 05 दिसंबर को मतदान होगा। पहले चरण में 89 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान होगा। 2017 के चुनावों में भाजपा ka 99 सीटों पर विजय मिली थी, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस को 77 सीटें प्राप्त हुई थीं। गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी, 2023 को समाप्त हो रहा है।
भाजपा गुजरात में 1995 से लगातार सत्ता में हैं और इसे भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। गुजरात में आमतौर पर सत्तारूढ़ भाजपा और उसकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पार्टी के बीच आमना-सामना होता रहा है, लेकिन आगामी चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) चुनावी मैदान में एंट्री से मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं। 'आप' पिछले कुछ सालों से गुजरात में अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी हुई है। 'आप ने 2017 के चुनावों में 29 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा किए थे, लेकिन तब वह अपना खाता तक नहीं खोल सकी थी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

