दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश, अब होगी ठंड की दस्तक; तमिलनाडु में IMD के अलर्ट के बाद स्कूल किए गए बंद

देश

नई दिल्ली
 राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली में मंगलवार की सुबह आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान दिल्ली व नोएडा के कई जगहों पर हल्की बारिश भी हुई है। माना जा रहा है कि हल्की बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर में अब ठंड तेज होने वाली है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश के साथ एकबार फिर से तेज बर्फबारी शुरू हो गई है। इसका असर उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में साफ देखा जा रहा है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी भी घोषित की गई है।
 
स्कूलों में की गई छुट्टी की घोषणा
तमिलनाडु में बारिश जारी रहने के कारण राज्य के मयिलादुथुराई जिले के सिरकाजी और थारंगमपडी तालुकों में मंगलवार (15 नवंबर, 2022) को स्कूल बंद रहेंगे। राज्य में भारी बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इससे पहले मयिलादुथुराई जिला कलेक्टर ने स्कूलों के लिए 14 नवंबर, 2022 को छुट्टी की घोषणा की थी। इसे भी आज यानी 15 नवंबर, 2022 तक बढ़ा दिया गया है।
 
बारिश को लेकर जारी किया गया यलो अलर्ट
इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु और उसके सभी जिलों को मंगलवार तक के लिए यलो अलर्ट पर रखा है। यहां के लोगों को मौसम पर सतर्क नजर रखने की सलाह दी गई है। तमिलनाडु के अन्य जिलों में कल स्कूल खुले रहने की उम्मीद है। चेन्नई के स्कूलों और बारिश के कारण उनके बंद होने के संबंध में अभी तक कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
 
सीएम स्टालिन ने बारिश से प्रभावित लोगों को दिए राहत के आदेश
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी भारी बारिश के कारण हुए नुकसान का निरीक्षण करने के लिए मयिलादुथुराई जिले का दौरा किया। निरीक्षण करने पर सीएम ने मयिलादुथुराई के सिरकाजी, थरंगमपडी तालुकों में प्रभावित सभी लोगों के लिए राहत का आदेश दिया है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry