कर्नाटक में गो संरक्षण के लिए कटेगी सरकारी कर्मचारियों की सैलरी, आदेश जारी

देश

बेंगलुरु
कर्नाटक में राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों की एक दिन की सैलरी काटी जाएगी। इस सैलरी का इस्तेमाल गो संरक्षण में किया जाने का प्लान है। इसके तहत नवंबर माह में कर्मचारियों को मिलने वाली सैलरी में से एक दिन का वेतन काटा जाएगा। राज्य के वित्त विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। सरकार की 'पुण्यकोटि दत्तु योजना' के लिए फंड जुटाने के मकसद से यह फैसला लिया गया है। भाजपा शासित राज्य में गोवंश के संरक्षण के लिए इस स्कीम को शुरू किया गया है। सैलरी में यह कटौती एक बार ही होगी और रकम का इस्तेमाल गोशालाओं के संचालन के लिए किया जाएगा।

रिपोर्ट के मुताबिक राज्य सरकार को इस कटौती से 80 से 100 करोड़ रुपये तक जुटने की उम्मीद है। 'पुण्यकोटि दत्तु योजना' की शुरुआत बीते साल राज्य के बजट में घोषित की गई थी। यह सीएम बसवराज बोम्मई का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, इसके तहत लोगों को गोपालन के लिए प्रेरित किया जाना है और उन्हें फंड भी मुहैया कराने की बात कही गई है। कर्मचारियों की सैलरी से जो रकम काटी जाएगी, वह तत्काल पुश पालन विभाग के खाते में जमा की जाएगी। अब तक इस तरह के आदेश में ऐच्छिक दान की बात ही कही जाती थी, लेकिन पहली बार ऐसा है जब इसे अनिवार्य किया गया है।

हालांकि जो कर्मचारियों सैलरी में यह कटौती नहीं चाहते हैं, उन्हें इसका कारण बताना होगा और अपने विभागों के प्रमुखों को इसके बारे में लिखना होगा। 25 नवंबर से पहले विभाग के हेड्स को इस बारे में जानकारी देने पर उनके खाते से सैलरी नहीं काटी जाएगी। इस कटौती में ग्रुप ए, बी और सी के कर्मचारियों को शामिल किया गया है। वहीं चपरासी, स्वीपर और गार्ड जैसे डी ग्रेड नौकरी करने वाले कर्मचारियों को इससे बाहर रखा गया है। राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सीएस सदाक्षरी ने कहा कि यह एक पवित्र कार्य है और इसके लिए एक दिन की सैलरी दान करने की हमें खुशी होगी। उन्होंने सीएम से मुलाकात की है और एक लेटर सौंपकर उन्हें कर्मचारियों की ओर से सहमति की बात कही है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry