भोपाल
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को मध्य प्रदेश में आने वाली है। उनकी यात्रा जैसे-जैसे प्रदेश के नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे इस यात्रा को लेकर सियासत तेज हो रही है। राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी वाले पुलिस को मिले पत्र के बाद आज गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी को आगाह किया है कि वे खालसा कॉलेज न जाएं। इधर राहुल गांधी को पुख्ता सुरक्षा देने के लिए पुलिस मुख्यालय से लेकर जिलों की पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। उनकी यात्रा प्रदेश में आते ही सुरक्षा में 600 पुलिस जवान तैनात रहेंगे।
नरोत्तम मिश्रा ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए कहा है कि राहुल गांधी इंदौर के खालसा कॉलेज न जाएं, मेरा उनसे आग्रह है। खालसा कॉलेज में कमलनाथ गए थे, उनके जाने के बाद से वहां पर विवाद शुरू हुआ था, कानपुर के कीर्तनकार ने वहां पर बहुत कुछ बोला था। इसलिए मेरा राहुल गांधी से आग्रह है कि वे ऐसे स्थान पर न जाएं जहां पुन: आक्रोश हो। इसके साथ ही मिश्रा ने राहुल गांधी की यात्रा पर निशाना भी साधा। मिश्रा ने कहा कि राहुल की यात्रा को समर्थन नहीं मिल पा रहा है। इसलिए यात्रा के दिन लगातार कम होते जा रहे हैं।
इधर पुलिस हुई मुस्तैद
राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी वाला पत्र मिलने के बाद अब पुलिस ने भी उनकी सुरक्षा को लेकर सभी तैयारी कर ली हैं। उनकी सुरक्षा के लिए 600 से ज्यादा जवान तैनात किये जाएंगे। इनमें आईपीएस रेंक के अफसर ही सुरक्षा की कमान संभालेंगे। इधर राहुल गांधी 23 नवंबर की सुबह मध्य प्रदेश में आएंगे। इसके बाद लगातार उनकी यात्रा आगे बढ़ती रहेगी। उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस मुख्यालय के अफसर भी लगातार नजर रखेंगे।
डीआईजी खरगौन तिलक सिंह ने बताया कि राहुल गांधी 23 नवंबर की सुबह बुरहानपुर जिले में प्रवेश करेंगे। इसके बाद वे रेंज के खंडवा और खरगौन जिले में भी रहेंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर लगभग 600 जवान तैनात रहेंगे। इसमें आईपीएस अफसर के हाथ में सुरक्षा की कमान होगी। जबकि एएसपी और डीएसपी स्तर के एक से डेढ़ दर्जन अफसर तैनात रहेंगे। जिला पुलिस बल को यात्रा की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। रेंज से भी अतिरिक्त बल आईजी ने दिया है। पुलिस मुख्यालय से भी अतिरिक्त बल मिला है।
25 को ओंकारेश्वर मंदिर जाएंगे
इधर राहुल गांधी 23 नवंबर की सुबह मध्य प्रदेश में आएंगे। इसके बाद वे 24 नंवबर को टंट्या मामा की जन्म स्थली पर जाएंगे। उनकी यात्रा दोपहर में जहां पर होल्ट करेगी, वहां से राहुल गांधी कार से वहां जाएंगे। अगले दिन यात्रा आगे बढ़ जाएगी और 25 नवंबर को राहुल गांधी ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगे। यहां पर भी वे कार से जाएंगे। दोपहर में वे यहां पर पहुंचेगे। यात्रा के अतिरिक्त भी राहुल गांधी जहां पर जाएंगे वहां उनकी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी जाएगी।
अब 23 की रात बुरहानुपर में
राहुल गांधी की मध्य प्रदेश में यात्रा का प्रवेश 23 नवंबर की सुबह बुरहानपुर के बोदरली से होगा। पहले राहुल गांधी की यात्रा यहां पर 20 नवंबर को आने वाली थी और यात्रा का रात्रि विश्राम यहीं पर होना था, लेकिन अब उनकी यात्रा का रात्रि विश्राम यहां पर नहीं होगा। वे यहां से होते हुए 23 की सुबह ही आगे बढ़ जाएंगे। बोदरली मध्यप्रदेश- महाराष्ट्र की सीमा से लगा गांव है। इससे महज कुछ दूरी पर ही महाराष्ट्र का ग्राम करोली लगता है। बोदरली गांव बुरहानुपर से लगभग 17 किलोमीटर दूर है। शाम को यात्रा बुरहानपुर पहुंचेगी। जहां पर रात्रि विश्राम होगा।
यात्रा के दौरान यातायात को किया जाएगा डायवर्ट
राहुल गांधी की यात्रा जिन-जिन सड़क मार्ग से निकलेगी, उन उन सड़कों पर रुट डायवर्ट किया जाएगा। इन सड़कों पर यात्रा के अलावा अन्य किसी वाहन को नहीं आने दिया जाएगा। उनके ठहरने वाले स्थान पर भी पुलिस की चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

