नई दिल्ली
Bharat Jodo Yatra Amol Palekar: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को बॉलीवुड और टीवी कलाकारों का भी समर्थन मिल रहा है। रविवार (20 नवंबर) को भारत जोड़ो यात्रा में वेटरन अभिनेता अमोल पालेकर शामिल हुए। अमोल पालेकर के साथ उनकी पत्नी और निर्देशक, लेखिका संध्या गोखले भी शामिल हुईं। भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों महाराष्ट्र से होकर गुजर रही है। भारत जोड़ो यात्रा का आज 74वां दिन है। कांग्रेस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर राहुल गांधी के साथ अमोल पालेकर और उनकी पत्नी की तस्वीर शेयर कर इस बात की जानकारी दी।
कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा, ''देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसका निर्वहन करने के लिए आज प्रसिद्ध अभिनेता और फिल्म निर्देशक अमोल पालेकर जी अपनी पत्नी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। देश की आवाज बुलंद करने के लिए आपका धन्यवाद।''
कांग्रेस के कई नेताओं ने भी अमोल पालेकर की भारत जोड़ों यात्रा की तस्वीर शेयर की है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अमोल पालेकर और उनकी पत्नी के साथ तस्वीर शेयर कर लिखा, ''जलगांव-जामोद में भारत जोड़ो यात्रा के 74वें दिन पर उत्साही संध्या गोखले और अमोल पालेकर से मिलकर खुशी हुई। मैंने उनकी फिल्म रजनीगंधा 5 बार सिर्फ उनकी को-स्टार दिवंगत विद्या सिन्हा को देखने के लिए देखी थी।''
कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर की गई तस्वीरों में अमोल पालेकर और राहुल गांधी को एक-दूसरे का हाथ थामे और बातचीत करते दिख रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अमोल पालेकर राहुल गांधी के साथ कुछ दूर तक चले भी। भारत जोड़ो यात्रा में इससे पहले इस महीने की शुरुआत में बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया सेन और पूजा भट्ट भी शामिल हुई थीं। वहीं अभिनेता सुशांत सिंह भी जुड़ चुके हैं। भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह यात्रा के महाराष्ट्र चरण की शुरुआत करने से पहले तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में पदयात्रा पूरी की है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

