नई दिल्ली
पहाड़ी राज्यों में हो रही लगातार बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहने वाला है।
उत्तराखंड में भी बढ़ रही ठंड
उत्तराखंड में भी ठंड बढ़ने लगी है। देहरादून का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहेगा। हिमाचल प्रदेश की बात करें तो शिमला का न्यूनतम तापमान छह डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहेगा। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सर्दी ने दस्तक दे दी है। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। बिहार की बात करें तो पटना का न्यूतनम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं, बेंगलुरु की बात करें तो यहां आज भी बारिश होने के आसार हैं। बेंगलुरु का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है।
कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में पारा शून्य से नीचे
कश्मीर घाटी के ज्यादातर हिस्सों में रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने इस महीने के अंत तक मौसम के शुष्क रहने और सर्द रातें होने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग को छोड़कर समूची घाटी में मंगलवार की रात पारा शून्य से नीचे जा पहुंचा। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में भी इस मौसम में पहली बार रात को तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार रात को शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जो इस मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम था।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

