भोपाल
बिलखिरिया इलाके में बीती रात शादी समारोह में हर्ष फायर के दौरान एक युवक के सीने में गोली लग गई। घटना के बाद युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। गोली किसने चलाई इस बात का भी फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। एसआई इंदल सिंह ने बताया कि बरखेड़ी कला भदभदा थाना रातीबड़ निवासी युवराज यादव उर्फ आदर्श पुत्र महेंद्र यादव(20) प्राइवेट काम करता है। बीती रात वह अपने गांव के रूप सिंह मारण के बेटे रंजीत मारण की शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव जमुनिया पहुंचा था। रात करीब साढ़े बारह बजे जनमासा से बारात जा रही थी। रास्ते में बाराती डांस कर रहे थे। डांस के दौरान किसी ने हर्ष फायर कर दिया, जिससे बारात में शामिल युवराज के सीने में गोली लग गई। इससे युवक बेसुध होकर जमीन पर गिर गया।
वीडियो ग्राफी से खुलेगा राज
पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए शादी की वीडियो ग्राफी कर रहे वीडियोग्राफर को तलब किया है। पुलिस बारात का वीडियो देखकर हर्ष फायर करने वाले व्यक्ति की पहचान करेगी। इसके बाद भी पता चल पाएगा कि किन हालातों में युवक के सीने में गोली लगी है। पुलिस को अब तक की जांच में पता चला है कि जिस वक्त हादसा हुआ, बारात में शामिल अधिकांश लोग शराब के नशे में धुत थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

