चीन
चीन के शंघाई में सख्त कोविड पॉलिसी के खिलाफ शनिवार रात विरोध प्रदर्शन देखा गया। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं जिनमें लोग कोरोना प्रतिबंधों के खिलाफ नारे लगाते नजर आ रहे हैं। दरअसल, कोरोना पाबंदियों के बीच उरुमकी में अपार्टमेंट में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई और 9 अन्य घायल हो गए थे। इसके बाद ही स्थानीय लोग काफी भड़के हुए हैं। कोरोना को लेकर बरती जा रही सख्ती में ढील देने की मांग लेकर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।
रिपोर्ट के मुताबिक, उरुमकी रोड पर लोगों ने शी जिनपिंग की अगुवाई वाली चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इन लोगों ने 'कम्युनिस्ट पार्टी को हटाओ', 'कम्युनिस्ट पार्टी, पद छोड़ो' और 'शी जिनपिंग, सत्ता छोड़ो' के नारे लगाए। इस नारेबाजी की वीडियो ट्विटर पर सामने आई है। विरोध-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
'हमें आजादी चाहिए' के लगे नारे
शंघाई में विरोध प्रदर्शन को लेकर कई सारे ट्वीट्स किए गए हैं, जिनमें बताया गया है कि उरुमकी रोड पर जुटे लोगों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने 'मैं PCR टेस्ट नहीं कराना चाहता', 'हमें आजादी चाहिए' और 'लॉकडाउन खत्म करो' के नारे लगाए। देर रात तक प्रदर्शनकारियों के इन नारों की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी। इनका कहना है कि ये लोग 'जीरो कोविड पॉलिसी' से तंग आ गए हैं।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई भी
सूत्रों के हवाले से खबर है कि शंघाई में विरोध प्रदर्शन स्थल पर लोगों और पुलिस के बीच हाथापाई भी हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने शंघाई में घटनास्थल पर कुछ दर्जनों प्रदर्शनकारियों को घेर लिया और कुछ महिलाओं को हिरासत में ले लिया। शंघाई से विरोध-प्रदर्शन की जो तस्वीरों सामने आ रही हैं उन्हें अविश्वसनीय बताया जा रहा है। ट्विटर यूजर्स का कहना है कि उरुमकी रोड पर लोग कम्युनिस्ट पार्टी को सत्ता से बेदखल करने के नारे लगा रहे हैं। चीन जैसे साम्यवादी देश में इस तरह के नारों की गूंज कम ही सुनाई देती है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

