सजी संवरी बैठी रही दुल्‍हन, बैंड बाजा और घराती भी करते रहे इंतजार, नहीं आई नेताजी के बेटे की बारात

उत्तर प्रदेश राज्य

 आगरा 
आगरा में एक दुल्‍हन सजी-संवरी बैठी रह गई और बारात नहीं आई। इस वाकये से दुल्‍हन के घरवालों को बुरी तरह धक्‍का लगा है। बताया जा रहा है कि लड़का एक नेता का बेटा है। लड़की और उसके बीच प्रेम संबंधों की चर्चा के बाद एक पंचायत में यह शादी तय हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था। दुल्‍हन सज संवरकर बैठी थी। बैंड बाजा भी तैयार था लेकिन भोर के तीन बजे तक बारात नहीं आई। अंत में थकहार कर लड़की और उसके परिवारवाले भी घर लौट आए। मामला हाईप्रोफाइल और एक नेताजी से जुड़ा होने के चलते शहर में इसे लेकर चर्चा है। 

चर्चाओं के मुताबिक लड़का-लड़की का परिवार कस्बे के पास ही अलग-अलग गांवों का रहने वाला है। परिजनों की रजामंदी दो दिसंबर की शादी तय हुई और निमंत्रण पत्र भी बांट दिए गए। रसूख के चलते शादी के लिए बकायदा ऐसे मैरिज होम को खुलवाया, जो लंबे समय से उपयोग में नहीं था। खैर, लड़की वाले लाव-लश्कर के साथ शाम को ही मैरिज होम पहुंच गए। पकवानों के साथ दावत भी शुरू हो गई। बारात का समय रात नौ बजे मुकर्रर था, इसलिए दुल्हन भी ब्यूटी पार्लर से सज-संवर कर आ गई। मैरिज होम से कुछ ही दूर से बारात उठनी थी, इसलिए बैंड वाले भी अपने वाद्य-यंत्र मांजने लगे।

बुकिंग का समय खत्म होने लगा तो बैंड वालों का धैर्य टूटने लगा और वे अपने पेमेंट की मांग करने लगे। इस बीच लड़की वाले भी सक्रिय हो गए, मगर लड़का पक्ष की ओर कोई उचित जवाब नहीं मिला। समय की सुई के साथ हाईवोल्टेज ड्रामा आगे बढ़ता रहा। कानाफूसी में निकला कि किन्ही ‘विशेष कारणों’ से नेताजी की बारात आने को तैयार नहीं है। इन ‘विशेष कारणों’ की भी कई व्याख्याएं निकलीं। किसी ने बताया कि दूल्हे की तबीयत खराब है, तो किसी ने बताया कि डेंगू हो गया है। उसे सिकंदरा इलाके के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के सूत्रों ने जो बताया उससे शक-ओ-सुबहा और गहरा गया।

पंचायत में तय हुई थी शादी 
बता दें कि लड़का और लड़की के बीच प्‍यार की चर्चा के बाद कुछ महीने पहले पंचायत हुई थी। पंचायत में ही शादी तय हुई थी। अब जब बारात नहीं आई तो फिर पंचायतों का दौर चल पड़ा है। हालांकि इस बारे में दोनों पक्षों में से कोई भी अधिकृत तौर पर कुछ बोलने को तैयार नहीं हो रहा है। लड़की पक्ष का हाल बेहाल है। खेत बेचकर खऱीदी गई कार मैरिज होम के बाहर मुंह चिढ़ा रही है। आखिर नेताजी और उनके परिवार ने ऐसा क्यों किया। हर कोई यही सवाल पूछ रहा है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry