16 साल बाद भी पिथौरा दंगा पीड़ितों को नहीं मिला मुआवजा : रिजवी

छत्तीसगढ़ रायपुर

रायपुर
मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को पत्र प्रेषित कर बताया है कि सन् 2006 के भाजपा शासनकाल में पिथौरा शहर (महासमुन्द जिला) में दंगा हुआ था जिसमें असामाजिक तत्वों ने लोगों की दुकानें, धार्मिक स्थल (मस्जिद), इत्यादि को क्षति पहुंचाई थी। जिला प्रशासन यानि तत्कालीन कलेक्टर, महासमुन्द ने करीब 43 लाख मुआवजा का आंकलन किया था लेकिन उक्त क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान भाजपा शासनकाल में नहीं किया गया था। इस संदर्भ में माननीय मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कर कम से कम कांग्रेस शासनकाल में उक्त शेष मुआवजे का भुगतान करने हेतु अनुरोध किया हैं। दंगे के सोलह साल बाद भी प्रभावित एवं पीड़ित वर्ग को उक्त राशि अप्राप्त है।

रिजवी ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से दंगे का हवाला देते हुए कहा है कि उक्त दंगे में उन्मादी असामाजिक तत्वों ने हिन्दू-मुस्लिम-सिक्ख-ईसाई समाज के लोगों की दुकानें, घर एवं मस्जिद को क्षति पहुंचाई थी। तत्कालीन महासमुन्द कलेक्टर एस.के. तिवारी ने शासन के निर्देश पर दंगे में हुई क्षति का ब्यौरा देते हुए लगभग 42 लाख 92 हजार की अनुमानित क्षति का आंकलन किया था तथा उस समय कलेक्टर ने तात्कालिक अनुदान सहायता के रूप में मात्र एक लाख आठ हजार रूपया प्रभावित पक्ष को दिए गए थे। शेष मुआवजा राशि का भुगतान करने हेतु तत्कालीन मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह एवं राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन के समक्ष कई बार निवेदन किया गया परन्तु हासिल आया शून्य ही रहा। इस क्षतिपूर्ति के संबंध में भाजपा शासनकाल में कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई और प्रभावितों को शेष क्षतिपूर्ति राशि आज तक अप्राप्त है।

रिजवी ने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का ध्यान आकर्षित कर कहा है कि विगत् 16 वर्षों से लम्बित क्षतिपूर्ति राशि का शीघ्र भुगतान करावें अथवा पीड़ितों के जख्मों पर मलहम लगाने हेतु शेष राशि का भुगतान के लिए अविलम्ब आबंटन राशि जारी करने का आग्रह किया है।  

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry