शैलजा को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभार,हटाए गए पुनिया

छत्तीसगढ़ रायपुर

रायपुर

आखिरकार पांच साल बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी पी एल पुनिया को हटा दिया गया है,उनकी जगह पर गांधी परिवार की करीबी पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी बनाया गया है। इस नियुक्ति को 2023 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे की अध्यक्षता में हुई स्टीयरिेंग कमेटी की पहली बैठक के बाद नई नियुक्तियां होने लगी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार रात प्रदेश प्रभारियों के नियुक्ति आदेश जारी किए। इसमें तीन प्रदेश प्रभारियों का जिक्र है। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है।
शक्तिकांत गोहिल को हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। उनके पास दिल्ली के प्रभारी की जिम्मेदारी रहेगी। वहीं सुखजिंदर सिंह रंधावा को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया है। पिछले दिनों संगठन में विवाद के बाद राजस्थान के प्रभारी अजय माकन ने इस्तीफा दे दिया था। तबसे राजस्थान में कोई प्रभारी नहीं था।

छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाए जाने पर कुमारी शैलजा ने कहा- पार्टी आलाकमान द्वारा मुझे जो महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी ईमानदारी व मेहनत से निभाऊंगी और पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्य करती रहूंगी। मिशन 2023 के लिए बदलाव किया गया है। कुमारी शैलजा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत 1990 में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनने से की। वह दो बार सिरसा व दो बार अंबाला से सांसद रही हैं। 2014 से वर्ष 2020 तक राज्यसभा सदस्य भी रह चुकी हैं। वह यूपीए की दोनों सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुकी हैं। उनके पिता चौधरी दलबीर सिंह भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। वे 1978 से 1980 तक प्रदेशाध्यक्ष रहे थे। उनके पिता भी केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry