लाहौर
पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत को गीदड़ भभकी दी है. दरअसल, पाकिस्तान के नवनियुक्त सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने भारत को लेकर ऐसा बयान दिया है जो चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने कहा है कि यदि उनके देश पर हमला किया जाता है तो, पाकिस्तानी सशस्त्र बल ‘‘न सिर्फ अपनी मातृभूमि के एक-एक इंच की रक्षा करेंगे, बल्कि दुश्मन देश को मुंहतोड़ जवाब भी देने का काम करेंगे.
यहां चर्चा कर दें कि पाकिस्तान के नवनियुक्त सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने पाकिस्तान सेना के प्रमुख का पद संभालने के बाद पहली बार नियंत्रण रेखा (एलओसी) का दौरा किया और उक्त बातें कही. एलओसी पहुंचे मुनीर ने इस दौरान रखचिकरी सेक्टर में तैनात पाकिस्तानी सैनिकों से मुलाकात की.
गैर-जिम्मेदाराना बयान
सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने कहा कि हाल में गिलगित बाल्टिस्तान और जम्मू-कश्मीर पर भारतीय नेतृत्व के अत्यधिक गैर-जिम्मेदाराना बयान सुनने को मिले हैं. मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि यदि हम पर हमला किया जाता है तो पाकिस्तान के सशस्त्र बल अपनी मातृभूमि के एक-एक इंच की रक्षा करने का काम करेगी. साथ ही वह दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए हमेशा तैयार हैं.
मुनीर ने कमर जावेद बाजवा की जगह ली
गौर हो कि जनरल मुनीर ने 24 नवंबर को जनरल कमर जावेद बाजवा की जगह ली थी. बाजवा की बात करें तो वो पाकिस्तान सेना प्रमुख के रूप में दो बार तीन-तीन साल का कार्यकाल संभालने के बाद सेवानिवृत्त हुए थे. सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे जनरल मुनीर को नियंत्रण रेखा के पास के ताजा हालात और पाकिस्तान सेना की अभियानगत तैयारियों से अवगत कराया गया.
यहां पहुंचे जनरल मुनीर ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उच्च मनोबल और पेशेवर क्षमता का परिचय देते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए पाकिस्तानी सैनिकों और अधिकारियों की तारीफ की.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

